
Noida News : नोएडा (चेतना मंच) युवती द्वारा मिलने से इनकार करने पर कार जलाने वाले सिरफिरे आशिक को थाना जारचा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी ने बीते दिनों युवती के घर के बाहर खड़ी कार पर पेट्रोल छिडक़ कर आग लगा दी थी।
थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर कार में आग लगने वाले आरोपी अंकित को गिरफ्तार कर लिया गया है। अंकित ने बीते दिनों एक कार पर पेट्रोल छिडक़कर आग लगा दी थी। बता दें कि अंकित के गांव की ही रहने वाली युवती ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
युवती का आरोप था कि अंकित आए दिन उसे परेशान कर मिलने का दबाव बनाता था । उसने जब मिलने से इनकार कर दिया तो आरोपी ने उसके मोबाइल पर भद्दे-भद्दे मैसेज कर अंजाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद अंकित ने उसके घर के बाहर खड़ी कर में पेट्रोल छिडक़ कार में आग लगा दी। आग लगाने के बाद अंकित जब मौके से फरार हो रहा था तो उसे युवती के भाई ने देख लिया था।