दिल्ली चुनाव की कवरेज के बाद रात में लौट रहा था मीडिया कर्मी, अचानक पीछे से...
Noida News
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 07:36 AM
Noida News : नोएडा में शराब के नशे में धुत कार सवार युवकों ने मीडिया कर्मी की कार में टक्कर मार दी। मीडिया कर्मी जब इस बात का विरोध कर घटनास्थल का वीडियो बनाने लगा तो युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज कर फोन छीनने की कोशिश की। कार सवार युवक यहीं पर नहीं रुके और उन्होंने दो बार और मीडिया कर्मी की कार में खतरनाक तरीके से टक्कर मारी। मीडिया कर्मी ने थाना बिसरख में कार सवार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
दिल्ली चुनाव की कवरेज के बाद वापस जा रहा था शख्स
गाजियाबाद के विजयनगर निवासी मीडियाकर्मी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि, वह 9 जनवरी की रात को दिल्ली चुनाव की कवरेज के बाद अपनी कार से घर वापस जा रहा था। शाहबेरी के पास पीछे से एक कार ने उसकी कार में टक्कर मार दी। उसने जब कार से उतर कर युवकों से सही तरीके से कार चलाने को कहा तो वह उससे उलझ गए। पीड़ित मीडिया कर्मी के मुताबिक, कार में सवार पांचों युवक शराब के नशे में चूर थे। उसने जब सबूत के तौर पर घटनास्थल का वीडियो बनाना शुरू किया तो युवकों ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए फोन छीनने की कोशिश की।
कार में कई बार मारी टक्कर
किसी तरह वह अपनी कार में बैठकर वहां से निकला। इसके बाद युवकों ने उसका पीछा किया और दो बार फिर उसकी कार में टक्कर मारी। इस दौरान एक बाइक सवार भी घायल हो गया। कार सवार युवकों ने ओवरटेक कर उसकी कार को रुकवा लिया और अपनी कार से लाठी डंडे निकालकर उस पर हमला करने का प्रयास किया। किसी तरह वह युवकों के चंगुल से भाग निकला और ट्वीट कर नोएडा पुलिस को जानकारी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि, मीडिया कर्मी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित द्वारा उपलब्ध कराए गए कार नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। Noida News