
Noida News: थाना सेक्टर-24 पुलिस ने नाबालिग लड़की को घर से बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाले वांछित युवक को 12 दिन की मेहनत के बाद आखिरकार गिरफ्तार कर ही लिया है। हालांकि पुलिस ने नाबालिग किशोरी को शिकायत दर्ज होने के 3 घंटे बाद ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन आरोपी फरार हो गया था।
आपको बता दें कि 29 अप्रैल को थाना सेक्टर-24 नोएडा पर एक महिला ने तहरीर देकर बताया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को उनके ही पड़ोस में रहने वाले आरोपी सुलतान बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सुलतान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी।
आस-पास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की गई। बीट पुलिसिंग व लोकल इंटेलिजेंस के माध्यम से जानकारी लेते हुए इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, मैनुअल इंटेलीजेंस और मुखबिर की सूचना के आधार पर मात्र 3 घण्टे के अंदर पीड़िता को सेक्टर-34 मैट्रो स्टेशन के पास से सकुशल बरामद कर लिया था।
आरोपी सुलतान तभी से फरार चल रहा था। आज थाना सेक्टर 24 पुलिस ने सुलतान उर्फ शादाब को बिजली घर सेक्टर-53 नोएडा के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सुलतान मूल रुप से अमरोहा जनपद के थाना सैदनगली क्षेत्र के गांव ढक्का का रहने वाला है।