
Noida News : अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए गई नोएडा विकास प्राधिकरण की टीम को जनता के कोप का भाजन बनना पड़ा। सेक्टर 51 में अतिक्रमण हटाने के लिए गई टीम पर जनता ने जबरदस्त तरीके से पथराव किया और टीम के वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की, जिसके बाद प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों को भागकर अपनी जान बचानी पड़ी।
जानकारी के अनुसार नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु महेश्वरी के आदेश पर बुधवार की दोपहर प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों की एक टीम सेकटर 51 में अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए गई थी। यहां पर टीम ने अभी अतिक्रमण हटाना शुरु भी नहीं किया था कि अचानक ने भारी भीड़ जुट गई। देखते ही देखते भीड़ ने प्राधिकरण की टीम पर पथराव करना शुरू कर दिया। भीड़ द्वारा हमला किए जाने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों को भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। कुछ लोगों ने प्राधिकरण अधिकारियों के वाहनों में भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिए। सूचना मिलने के बाद गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट से भारी फ़ोर्स मौक़े पर भेजा गया है।
बताया जाता है कि इस टीम के पास पुलिस फोर्स नहीं था। भीड़ द्वारा हमला किए जाने के बाद पुलिस कमिश्नरेट से कई थानों की फोर्स को मौके पर भेजा गया।
डीसीपी हरिश्चंद्र ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद सहायक पुलिस आयुक्त फ़ोर्स लेकर मौक़े पर मौजूद हैं। स्थानीय पुलिस को सूचना दिए बिना अथॉरिटी की टीम झुग्गी-झोपड़ी के पास सेक्टर-51 में अतिक्रमण हटाने गई थी। जिसमें विवाद हो गया और तोड़फोड़ की गई है। सहायक पुलिस आयुक्त जांच कर रही हैं। किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। मामले में कार्रवाई की जाएगी।