
Noida News (चेतना मंच)। सहकर्मी युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ बलात्कार करने के आरोप में फरार चल रहे आरोपी को थाना फेस-3 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ उसकी सहकर्मी ने ही बलात्कार का मुकदमा दर्ज कराया था।
थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि मिली सूचना के आधार पर सेक्टर-70 से आकाश पुत्र राजकुमार निवासी बादलपुर को गिरफ्तार किया गया। आकाश के खिलाफ बलात्कार का मुकदमा दर्ज था। उन्होंने बताया कि गत 27 जुलाई को एक युवती ने आकाश के खिलाफ शादी का झांसा देकर बलात्कार किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उन्होंने बताया कि युवती और आकाश दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे। इस दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई और नजदीकियां बढ़ी। जिसके बाद आकाश ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ कई बार बलात्कार किया।
युवती के मुताबिक जब उसने आकाश से शादी करने के लिए कहा तो उसने साफ इनकार कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है जहां से आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
नोएडा के थाना सेक्टर-126 पुलिस ने गांजा बिक्री के आरोप में एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। इसके पास से डेढ़ किलो गांजा बरामद हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर रायपुर गांव के पास से प्रमोद को गिरफ्तार किया गया। जिसके पास से डेढ़ किलो गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए प्रमोद ने बताया कि वह एक व्यक्ति से गांजा लेकर उसकी छोटी-छोटी पुडिय़ा बनाकर उन्हें मजदूर रिक्शा चालकों व युवाओं को बेचता है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। Noida News