विज्ञापन

Noida News : अरुण सिन्हा Noida News: नोएडा प्राधिकरण में नोएडा एंप्लाइज एसोसिएशन (एनईए) के चुनाव को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रही रस्साकशी समाप्त हो गई है। कानपुर स्थित ट्रेड यूनियंस उत्तर प्रदेश के रजिस्ट्रार आरपी गुप्ता ने गौतमबुद्ध नगर के उप श्रमायुक्त को पत्र लिखकर एनईए के चुनाव कराए जाने की सहमति प्रदान कर दी है। बता दें कि एनईए के वर्तमान अध्यक्ष चौ. कुशलपाल आज सेवानिवृत्त हो रहे हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक एनईए का पद नहीं छोड़ा है। कुछ दिनों पूर्व एनईए के पूर्व अध्यक्ष चौ.राजकुमार ने नियमानुसार एनईए के चुनाव कराने की मांग की थी।
गौतमबुद्ध नगर के उप श्रमायुक्त को लिखे पत्र में ट्रेड यूनियन उप्र के रजिस्ट्रार आरपी गुप्ता ने लिखा है कि नियमों के दृष्टिगत नोएडा एंप्लाइज एसोसिएशन का नियम अनुसार चुनाव कराया जाए। इस संबंध में उप श्रमायुक्त अपनी कार्यवाही करें।
आरपी गुप्ता ने कहा है कि नोएडा अनुसूचित जाति/जनजाति कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन के पत्र 22.12.2022, नोएडा टेक्निकल एंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन के पत्र 27.12.2022 एवं जलापूर्ति कर्मचारी संघ के पत्र 27.12.2022 का अवलोकन करने का कष्ट करें जो नोएडा एम्पालाइज एसोसिएशन का आम चुनाव कराए जाने के संबंध में है। उक्त बिन्दुओं को देखते हुए एनईए का नियमानुसार चुनाव कराया जाए। मालूम हो कि नोएडा एंप्लाइज एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष चौधरी राजकुमार ने एनईए के चुनाव कराए जाने को लेकर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रितु माहेश्वरी को एक ज्ञापन भी सौंपा था जिसमें उन्होंने कहा था कि एनईए के महासचिव का पद पिछले 6 माह से खाली चल रहा है। महासचिव को गोरखपुर ट्रांसफर कर दिया गया है इसके बावजूद भी अभी तक कोई नया महासचिव नियुक्त नहीं किया है। वही 31 जनवरी को एनईए के अध्यक्ष चौ.कुशलपाल सेवानिवृत्त हो रहे हैं। ऐसी स्थिति में समय रहते चुनाव कराए जाने की घोषणा की जानी चाहिए। लेकिन एनईए के अध्यक्ष ट्रेड यूनियन एक्ट-1926 के प्रावधानों का सरेआम उल्लंघन कर रहे हैं लेकिन अब रजिस्ट्रार द्वारा जारी पत्र ने इस विवाद पर विराम लगा दिया है।
गौरतलब है कि आज एनईए के अध्यक्ष चौधरी कुशल पाल सेवानिवृत्त हो रहे हैं। सूत्रों से जानकारी मिली है कि चौधरी कुशल पाल ने सेवानिवृत्त होने के पूर्व कल कमेटी के कार्यकारिणी सदस्य रविंद्र कसाना को कार्यवाहक अध्यक्ष मनोनीत कर दिया है। वहीं एनईए के उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार को कार्यवाहक महासचिव नियुक्त कर दिया है।
रजिस्ट्रार ट्रेड यूनियन उत्तर प्रदेश आरपी गुप्ता द्वारा उप श्रमायुक्त को भेजे गए पत्र ने इस विवाद का पटाक्षेप कर दिया है। उधर इस मामले को लेकर चौधरी कुशलपाल तथा पूर्व अध्यक्ष चौधरी राजकुमार के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर अभी भी चल रहा है।
विज्ञापन