
Noida News : थाना फेस 1 पुलिस ने सहकर्मी युवती से दुष्कर्म के आरोप में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी ने अपनी कंपनी में कार्यरत युवती को डरा धमका कर बलात्कार किया था। शुरूआत में युवती ने छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन मजिस्ट्रेट के सामने दिए गए बयान में उसने बलात्कार किए जाने का आरोप लगाया था।
थाना प्रभारी ध्रुव भूषण दुबे ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर दुष्कर्म के आरोप में वांछित चल रहे शशिकांत गुप्ता उर्फ एसके गुप्ता पुत्र सुरेंद्र सिंह गुप्ता निवासी सी ब्लॉक सेक्टर 2 को गिरफ्तार किया गया। पकड़ा गया आरोपी मूल रूप से कांति नगर दिल्ली का रहने वाला है।
शशिकांत गुप्ता की सेक्टर 16 में इलेक्ट्रिक का सामान बनाने की फैक्ट्री है। उसकी फैक्ट्री में एक युवती काम करती थी। उसने 18 जनवरी को शशिकांत गुप्ता के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया था।
मजिस्ट्रेट के सामने दिए गए बयान में युवती ने शशिकांत पर बलात्कार किए जाने का आरोप लगाया था। थाना प्रभारी ने बताया कि बयान के आधार पर छेड़छाड़ की धाराओं को बलात्कार की धारा में तरमीम किया गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही शशिकांत फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।