Noida News : 200 करोड़ रुपए लागत से बदलेगी 81 गांवों की तस्वीर
नोएडा
RP Raghuvanshi
26 Nov 2025 06:21 AM
नोएडा
RP Raghuvanshi
26 Nov 2025 06:21 AM
नोएडा । नोएडा प्राधिकरण ने अब गांवों की तस्वीर बदलने के लिए मुहिम छेड़ दी है। इसी के तहत प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी के निर्देश पर 200 करोड़ रुपए की लागत से 81 गांव के विकास कार्य कराये जाएंगे।
सिविल से जुड़े करीब 200 करोड़ रुपए लागत के काम के टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसमें से कुछ काम के टेंडर जारी कर दिए गए हैं, बाकी के इसी सप्ताह जारी कर दिए जाएंगे। सिविल के वर्क सर्किल-1 से 10 के लिए 100 से अधिक काम के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सभी वर्क सर्किल प्रभारियों की ओर से संबंधित कामों के टेंडर बनाकर अधिकारियों के ऑफिस में जमा कर दिए गए हैं। इसके साथ ही संबंधित काम के टेंडर जारी करने का काम भी शुरू कर दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि जिन काम के टेंडर जारी किए गए, वे बड़ी परियोजना के न होकर छोटे काम के हैं जिनमें सडक़, गली, नाली, खडंजा, बारातघर और खेल के मैदान आदि बनाने हैं। इनके अलावा काफी टेंडर मरम्मत से जुड़े काम के हैं। शहर के कई मुख्य मार्गों की सडक़ों की हालत खस्ता है। उनको प्राथमिकता पर ठीक कराया जाएगा। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि जिन काम के टेंडर जारी किए जा रहे हैं, उनमें अधिकतर गांवों से संबंधित हैं। गांवों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए काम कराए जाएंगे। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि कोशिश है कि जनवरी के दूसरे सप्ताह तक काम आवंटित कर संबंधित ठेकेदारों से मौके पर काम शुरू करा दिया जाएं।
प्राधिकरण के जल-सीवर विभाग की ओर से भी करीब 40 करोड़ के काम के टेंडर जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। इनमें पानी व सीवर की नई लाइन डालने के अलावा पुरानी लाइनों की मरम्मत का काम शामिल हैं। पुराने सेक्टर व गांवों में लाइनें पुरानी होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।