
Noida News : काम के लगातार बढ़ते बोझ की वजह से तनावग्रस्त पुलिसकर्मियों को फिट और स्वस्थ रखने के लिए थाना सेक्टर 20 में फिटनेस सेंटर का शुभारंभ किया गया है। इस फिटनेस सेंटर के जरिए पुलिसकर्मी जहां खुद को तनाव मुक्त कर सकेंगे वहीं उन्हें योग व्यायाम के जरिए चुस्त दुरुस्त बनाया जाएगा। पुलिस कर्मियों को तनाव मुक्त व स्वस्थ रखने के उद्देश्य से सीआईपीएल फाउंडेशन ने यह सराहनीय पहल की है। सीआईपीएल फाउंडेशन द्वारा थाना सेक्टर 20 में बनाए गए फिटनेस सेंटर का उद्घाटन स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर थाना सेक्टर - 20 के थानाध्यक्ष धर्म प्रकाश शुक्ला ने फीता काटकर किया।
थानाध्यक्ष धर्म प्रकाश शुक्ला ने कहा कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य और सुरक्षा दोनों महत्वपूर्ण है। कोरोना महामारी के समय में लोगों ने स्वास्थ्य को पहला स्थान दिया तो बढ़ रही देश -विदेश में हिंसक घटनाओं ने सुरक्षा को भी प्राथमिकता देने को मजबूर कर दिया। सभी पुलिसकर्मियों को स्वस्थ और मजबूत बनने की आवश्यकता है। थाने में खुला फिटनेस सेंटर तनाव ग्रस्त पुलिसकर्मियों के तनाव को दूर करने तथा उन्हें स्वस्थ रखने में खासा सहायक सिद्ध होगा उन्होंने फिटनेस सेंटर के लिए सीआईपीएल फाउंडेशन को भी धन्यवाद दिया।
सीआईपीएल फाउंडेशन के मैनेजर ब्रजेश शुक्ला ने कहा कि इस फिटनेस सेंटर का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को स्वस्थ बनाने का है जिससे वह समाज की सुरक्षा की जिम्मेदारी का पालन भली प्रकार करते रहें। जो समाज सुरक्षित व भयमुक्त रहता है उस समाज में गति और प्रगति बनी रहती है।
सीआईपीएल फाउंडेशन के संस्थापक विनोद कुमार ने इस मौक़े पर कहा कि पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस फिटनेस सेंटर की स्थापना की गई है। इसके माध्यम से पुलिसकर्मी स्वस्थ बनेंगे। अगर पुलिसकर्मी स्वस्थ होंगे तो भयमुक्त समाज बनाने में सक्रिय भूमिका अदा करेंगे। नोएडा को इंटरनेशनल बिजनेस सेंटर की तरह ख्याति मिल रही है और देश-विदेश के लोग व्यापार के लिए नोएडा को चुन रहे हैं ऐसे में हमारे पुलिसकर्मियों की फिटनेस एक महत्व का विषय है।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष धर्म प्रकाश शुक्ला, इंस्पेक्टर कैलाश सिंह सभी चौकी इंचार्ज, पुलिसकर्मी, सीआईपीएल फाउंडेशन टीम के सदस्य सौरभ तिवारी एवं अतुल शर्मा आदि मौजूद रहे। Noida News