यूपी का वह सबसे अमीर जिला जहां मोबाइल निर्माण का हब है, सऊदी से श्रीलंका तक हो रहे एक्सपोर्ट
Noida News :
नोएडा
RP Raghuvanshi
03 Aug 2025 06:36 PM
नोएडा
RP Raghuvanshi
03 Aug 2025 06:36 PM
अगर आप उत्तर प्रदेश से हैं और अब तक यह नहीं जानते कि प्रदेश का सबसे ज्यादा मोबाइल फोन कहां बनता है, तो यकीनन आपने एक बड़ी आर्थिक और तकनीकी सफलता की कहानी मिस कर दी है। उत्तर प्रदेश का गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) अब सिर्फ एक औद्योगिक क्षेत्र नहीं, बल्कि भारत का मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग हब बन चुका है। Noida News :
ओप्पो-वीवो-सैमसंग का मैन्युफैक्चरिंग गढ़ है नोएडा
नोएडा में सैमसंग, ओप्पो और वीवो जैसी दिग्गज कंपनियों के बड़े-बड़े उत्पादन प्लांट्स हैं, जहां मोबाइल निर्माण बड़े स्तर पर हो रहा है।
ये कंपनियां न केवल घरेलू बाजार के लिए उत्पादन करती हैं, बल्कि इनका निर्यात नेटवर्क भी जबरदस्त है। सऊदी अरब, श्रीलंका, बांग्लादेश, वियतनाम, मिस्त्र, म्यांमार, नाइजीरिया, केन्या, ओमान और कतर जैसे देशों तक यहां से स्मार्टफोन भेजे जा रहे हैं।
भारत ने पीछे छोड़ा चीन को, मोबाइल निर्यात में नया इतिहास
कैनालिस की एक रिसर्च रिपोर्ट के अनुसार, 2025 की दूसरी तिमाही में भारत ने स्मार्टफोन निर्यात के मामले में अमेरिका को सप्लाई देने में चीन को पीछे छोड़ दिया है। देश में 300 से अधिक मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स काम कर रही हैं, जिनमें से एक बड़ा हिस्सा नोएडा में स्थित है। प्रदेश सरकार की रिपोर्ट "जिला घरेलू उत्पाद अनुमान 2022-23" के अनुसार गौतमबुद्ध नगर उत्तर प्रदेश के जीडीपी में 7.47% का योगदान देता है। यह पिछले वर्ष 7.10% था, यानि जिले की आर्थिक स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। इसी आधार पर नोएडा को यूपी का सबसे अमीर जिला भी कहा जाता है।
जीएसटी भुगतान में भी नंबर वन
ओप्पो ने पिछले तीन वर्षों में बड़ी छलांग लगाई है, और अब जीएसटी भुगतान के मामले में पहले स्थान पर पहुंच गई है। सैमसंग, जो पहले दूसरे स्थान पर थी, अब तीसरे स्थान पर आ गई है। इस बीच, लांगचीयर मोबाइल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने दूसरा स्थान हासिल कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
नोएडा अब सिर्फ एनसीआर का हिस्सा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के तकनीकी कौशल और उत्पादन क्षमता का प्रतीक बन चुका है। यह जिला भविष्य में भारत को मैन्युफैक्चरिंग सुपरपावर बनाने की दिशा में एक मजबूत आधारशिला सिद्ध हो रहा है। तो अगली बार जब आप कोई नया स्मार्टफोन खरीदें, तो जान लें कि उसमें 'मेड इन नोएडा' की शक्ति छिपी हो सकती है।