
Noida News : उत्तर प्रदेश की हाईटेक सिटी नोएडा और आधुनिक सिटी ग्रेटर नोएडा में रहने वाले छात्र छात्राओं पर पढ़ाई की टेंशन भारी पड़ रही है। गार्जन के सपनों को साकार करने के चक्कर में छात्र खतरनाक कदम उठा रहे हैं। बीटेक के छात्र और इंटरमीडिएड की छात्रा ने पढ़ाई की टेंशन में मौत का रास्ता अख्तियार कर लिया। दोनों ने फांसी लगाकर जान दे दी।
पहला मामला ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र का है। नॉलेज पाकर स्थित एनआईईटी कॉलेज के बीटेक प्रथम वर्ष के 19 वर्षीय छात्र शिवम ने हॉस्टल के कमरे में अपनी जान दे दी। शिवम मूल रुप से बिहार के सीतामढ़ी का रहने वाला था। बुधवार की सुबह शिवम ने हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटककर जान दे दी। शिवम के दोस्तों ने इसकी सूचना पुलिस और कॉलेज प्रबंधन को दी। छात्र के परिजन को सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि छात्र के परिजनों के आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि शिवम को संगीत का शौक था, लेकिन परिजन उसे इंजीनियर बनाना चाहते थे। इससे तनाव में आकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस छानबीन कर रही है। परिजन नहीं चाहते थे कि वह संगीत के क्षेत्र में कैरियर बनाए।
दूसरा मामला, दादरी में पढ़ाई के लिए मां के डांटने से नाराज इंटरमीडिएट की छात्रा ने पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। घटनास्थल से सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। घटना के दौरान घर पर मां और बेटी थी। पिता कुछ दिन पहले ही पैतृक गांव गए थे। मूलरूप से बिहार के नालंदा निवासी प्रसादी यादव बादलपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित एयरफोर्स स्टेशन के पास मेगा सिटी कॉलोनी में सपरिवार रहते हैं।
बेटी पूजा पास के ही इंटर कॉलेज में 12वीं कक्षा की छात्रा थी। मंगलवार शाम छात्रा की मां ने पढ़ाई में लापरवाही बरतने पर पूजा को डांट दिया था। इसके बाद पूजा अपने कमरे में जाकर पढ़ने लगी। घटना की सूचना मिलने पर बादलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। फाॅरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।