
Noida News: चोर हो या दूसरा कोई अपराधी, उसका अपराध करने का कोई नियम नहीं होता। UP के नोएडा शहर में अपराध के अनेक ऐसे किस्से सामने आ रहे हैं जिनमें अपराधी यह भी नहीं देखते कि जिनके साथ वो अपराध की घटना कर रहे है, वह व्यक्ति पहले से ही कितने कष्ट में है।
UP के नोएडा शहर में अपने बीमार भाई का अस्पताल में इलाज कराने गए एक युवक की बाइक को चोर उड़ा ले गए। चोरों ने यह भी नहीं सोचा कि जो बेचारा वक्त का मारा अस्पताल में परेशान है। कम से कम उसे तो अपना शिकार ना बनाओ। परेशान युवक ने नोएडा के सेक्टर 39 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़ित ने थाना सेक्टर 39 में मुकदमा दर्ज कराया है। छलेरा गांव निवासी सुशील ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह गत दिनों अपने भाई की दवाई लेने के लिए सेक्टर-39 स्थित सरकारी अस्पताल आया था। उसने अस्पताल के बाहर अपनी बाइक खड़ी कर दी और दवा लेने भीतर चला गया। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो उसकी बाइक गायब थी। उसने आसपास बाइक की तलाश की लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चला।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 6 एवेन्यू गौर सिटी-1 सोसाइटी के एक फ्लैट से लाखों रुपए के जेवरात चोरी हो गए। पीडि़ता ने घरेलू सहायिका पर चोरी का शक जताते हुए थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज कराया है। गौर सिटी वन में रहने वाली वैशाली गर्ग ने बताया कि गत 8 जुलाई को उन्होंने अपनी अलमारी खोलकर देखी तो उसमें सोने के जेवरात गायब मिले। अलमारी से सोने के चार सेट और कड़े गायब थे। वैशाली गर्ग ने बताया कि उन्होंने शक है कि उनके घर में घरेलू सहायिका के रूप में काम करने वाली करीना ने इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने एक एजेंसी के द्वारा करीना को काम पर रखा था करीना मूल रूप से रोहिणी शाहबाद में रहती है।
थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के सेक्टर-51 में सब्जी की दुकान पर खरीदारी कर रहे एक व्यक्ति के गले से बाइक सवार सोने की चेन लूट कर ले गए पुलिस ने धाराओं का खेल खेलते हुए लूट की इस घटना को चोरी में दर्ज किया है। सेक्टर-51 केंद्र बिहार में रहने वाले दीपक सिंह ने बताया कि वह 19 जुलाई की रात्रि को क्लाउडनाइन हॉस्पिटल के पास लगी सब्जियों की दुकान से सब्जी खरीद रहे थे। इस दौरान अपाचे बाइक पर आए दो बदमाश उनके गले से सोने की चेन झपट कर ले गए। उन्होंने शोर मचा कर बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया लेकिन वह फरार हो गए। पीडि़त ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने धाराओं का खेल खेलते हुए लूट की इस घटना को चोरी में दर्ज किया है।
एसएससी की परीक्षा देने आए एक छात्र के स्कूटर की डिग्गी से चोरों ने मोबाइल फोन और सोने की दो अंगूठियां चोरी कर ली। पीडि़त ने अज्ञात चोर के खिलाफ थाना सेक्टर-58 में मुकदमा दर्ज कराया है। दर्ज रिपोर्ट में अंकित सिंह पवार ने बताया कि वह 27 जुलाई को एसएससी की परीक्षा देने के लिए सेक्टर 62 स्थित आई ओ एन डिजिटल जोन आया था। उसने परीक्षा केंद्र के बाहर अपना स्कूटर खड़ा कर दिया। स्कूटर की डिग्गी में मोबाइल फोन और सोने की दो अंगूठी रखी हुई थी। परीक्षा देने के बाद वह बाहर आया। उसने स्कूटर की डिग्गी खोलकर देखा तो उसमें से मोबाइल फोन और सोने की अंगूठी गायब थी। पीडि़त ने बताया कि जिस स्थान पर यह घटना हुई है उसके पास ही सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ था। Noida News