
Noida News : उत्तर प्रदेश की औद्योगिक राजधानी के नाम से प्रसिद्ध नोएडा शहर की कानून व्यवस्था का बड़ा जिम्मा ''तीसरी आंख'' को सौंपा गया है। इस व्यवस्था के तहत नोएडा शहर में आपरेशन दृष्टि को तेज किया गया है। नोएडा पुलिस कमिश्नरी में तैनात पुलिस अफसर इस अभियान को लेकर जमीन पर उतर आए हैं।
आपको बता दें कि नोएडा शहर की कानून व्यवस्था सीएम योगी की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली सूची में शामिल है। इसी प्राथमिकता को ध्यान में रखते हुए नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने अनेक प्रयास शुरू किए हैं। इन्हीं प्रयासों में एक प्रयास आपरेशन दृष्टि भी है। इस आपरेशन में शहर की ''तीसरी आंख'' पर विशेष फोकस किया जा रहा है। आगे आपको बताते हैं कि क्या है ''तीसरी आंख'' और यह कैसे संभालेगी नोएडा शहर की सुरक्षा व्यवस्था को।
दरअसल, अपराधिक वारदातों व अपराधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने ऑपरेशन दृष्टि शुरू किया है। ऑपरेशन दृष्टि के तहत पुलिस व प्राइवेट संस्थाओं के सहयोग से सार्वजनिक स्थानों, महत्वपूर्ण चौराहों, बाजारों, मेट्रो स्टेशनों पर नए कैमरे लगवाए जाएंगे।
ऑपरेशन दृष्टि के तहत नोएडा जोन के एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस अधिकारियों के साथ शहर के उद्योगपतियों, व्यापारियों एवं संभ्रांत व्यक्तियों के साथ सेक्टर 6 स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र में बैठक की। इस दौरान एडीसीपी ने कहा कि शहर की कानून व्यवस्था को दुरुस्त बनाने व अपराधियों पर अंकुश लगाने में तीसरी आंख (सीसीटीवी कैमरे) की महती भूमिका रहती है। कोई घटना घटित होने पर अपराध और अपराधियों के बारे में सीसीटीवी कैमरे से पुलिस को अहम सुराग मिलते हैं। सीसीटीवी कैमरे लगे होने से जहां उद्योगपतियों व व्यापारियों को सुरक्षा का आभास होता है वही अपराधी इनकी वजह से वारदात को अंजाम देने में हिचकते हैं।
[caption id="attachment_105213" align="alignnone" width="878"]
Noida News[/caption]
उन्होंने बैठक में उपस्थित उद्योगपतियों, व्यापारियों का आह्वान किया कि वह अपने अपने परिसर के साथ साथ पुलिस के सहयोग से सार्वजनिक स्थानों, स्कूल, कॉलेज, महत्वपूर्ण चौराहों, मेट्रो स्टेशन व मुख्य बाजारों में नए कैमरे लगवाये। इस दौरान पुराने कैमरों के उचित रखरखाव के बारे में भी विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने बैठक में उपस्थित उद्योगपतियों, व्यापारियों से सुरक्षा संबंधी तथा अन्य विषयों पर व्यापक विचार विमर्श किया और सुझाव मांगे। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं को सुनकर उनका जल्द निस्तारण करने का आश्वासन दिया। बैठक में एसीपी प्रथम रजनीश वर्मा, एसीपी सुशील कुमार, एसीपी श्रीमती सौम्या सिंह, संबंधित थाना प्रभारी चौकी प्रभारी सहित करीब 500 संभ्रांत व्यक्ति मौजूद थे।
नोएडा पुलिस का दूसरा अभियान मिशन शक्ति है। इस अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस ने मेट्रो स्टेशनों के आसपास ऑटो चालकों को महिलाओं के सुरक्षित सफर करने के संबंध में जागरूक किया गया। ऑटो चालकों को निर्देश दिए गए कि वह महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यकता पड़ने पर उनकी हर संभव मदद करें। महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत महिला थाना प्रभारी ने मंगलवार को पुलिस बल के साथ बोटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन के आसपास ऑटो चालकों के साथ एक बैठक की।
बैठक में उन्होंने महिलाओं को सुरक्षित सफर कराने के संबंध में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर ऑटो चालक महिलाओं की मदद कर चलाए जा रहे अभियान में अपना सहयोग दें। इस दौरान उन्हें मिशन शक्ति अभियान के बारे में भी जागरूक किया गया। अभियान के तहत महिला सुरक्षा टीम ने कमिश्नरेट के सभी थाना क्षेत्रों में चौपाल लगाकर महिलाओं तथा स्कूली छात्राओं को शासन द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे अभियान मिशन शक्ति, मिशन मोड सहित अन्य योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। Noida News