Noida थाना फेस-1 क्षेत्र के हरौला गांव में एक युवक ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला इस कारण आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
मूल रूप से मैनपुरी निवासी (24 वर्षीय) हरि पुत्र नत्थू सिंह हरौला गांव में किराए पर रहता था। हरी मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहा था। गुरुवार को हरि की बहन उसके कमरे पर पहुंची तो वह फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हरि को फंदे से नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हरी पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रहा था।
कमरे में मिला मृत
Greater Noida थाना बादलपुर क्षेत्र के अच्छेजा गांव में बीती रात्रि एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत हो गई। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि बीती रात्रि पुलिस को सूचना मिली कि अच्छेजा गांव में किराए पर रहने वाले अशोक पुत्र श्रीराम की मौत हो गई है और उसका (9 वर्षीय) बेटा उल्टियां कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बच्चे को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में बच्चे की हालत स्थिर बनी हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बच्चे की कई दिनों से तबीयत खराब चल रही थी। गुरुवार देर रात बच्चे की अचानक तबीयत खराब हो गई। बच्चे की तबीयत खराब होने पर अशोक की पत्नी ने जब उसे जगाया तो वह मृत मिला। थाना प्रभारी ने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।