
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में एक कंपनी में नौकरी करने वाली लड़की को दूसरे समुदाय का युवक बहला-फुसलाकर भगा ले गया। युवती के पिता ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मूल रूप से बलिया निवासी राकेश कुमार राय (काल्पनिक नाम) हाल में अपने परिवार सहित खोड़ा कॉलोनी में रह रहा है। राकेश की बेटी सेक्टर 63 की एक कंपनी में नौकरी करती थी। 11 दिसंबर को युवती घर से कंपनी आई थी, जिसके बाद घर वापस नहीं लौटी। राकेश के मुताबिक परिजनों ने जब उसकी तलाश की तो पता चला कि उसे हैदरअली निवासी यूसुफपुर जनपद गाजीपुर बहला फुसलाकर भगा ले गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
नोएडा के थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के चौड़ा गांव में किराये पर रहने वाले जमुना प्रसाद ने अपने भतीजे के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जमुना प्रसाद ने बताया कि उसका 13 वर्षीय भतीजा विष्णु उसके पास रहने के लिए आया था 14 दिसंबर की सुबह घर से लापता हो गया। पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
ग्रेटर नोएडा के थाना कासना में एक व्यक्ति ने गाली गलौज तथा जानलेवा धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित का आरोप है कि वह कमर्शियल कोर्ट से लौट रहा था। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज कर धमकी दी। निठारी गांव निवासी लज्जेराम शर्मा ने बताया कि वह कमर्शियल कोर्ट कासना में आया था। काम निपटाने के बाद जब वह वापस लौट रहा था तो उसे सेक्टर-27 निवासी सुरेंद्र शर्मा ने रोक लिया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उसे फैक्ट्री खाली करने की धमकी दी। पीडि़त के मुताबिक उसने सेक्टर-10 की एक फैक्ट्री किराए पर ले रखी है। इसी फैक्ट्री को खाली करने के लिए सुरेंद्र शर्मा ने उसके साथ गाली-गलौज कर धमकी दी।
ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी के ग्राम भोगपुर में पड़ोसी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर दंपति के साथ मारपीट करने घायल कर दिया। मारपीट के बाद दोनों आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। भोगपुर गांव निवासी सोनू ने बताया कि बीते दिनों उसके पड़ोस में रहने वाला हरेंद्र उर्फ पप्पू उनके घर के दरवाजे को तोडऩे लगा। उन्होंने जब इस बात का विरोध किया तो हरेंद्र उसकी पत्नी सोनम गाली-गलौज करने लगे। हरेंद्र व सोनम ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी सोनिया के साथ भी मारपीट की गई। मारपीट में सोनिया के सिर व शरीर एवं अन्य जगहों पर चोटें आई हैं। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने पति-पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।