
Noida News : उत्तर प्रदेश की औद्योगिक नगरी नोएडा में अलग-अलग ढंग से चोरी करने वाले चोरों के अनेक गैंग एक्टिव हैं। नोएडा पुलिस कमश्नरी की पुलिस चोरों के सामने लाचार नजर आ रही है। रविवार से लेकर सोमवार तक 24 घंटे में नोएडा शहर में चोरी की सात से अधिक घटनाएं हुई हैं। चोरी की घटनाओं में करोड़ों रूपये की कीमत का सामान चोरी चला गया। चोरी की घटनाएं ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में भी खूब हो रही हैं।
नोएडा व ग्रेटर नोएडा में 5 नवंबर से लेकर सोमवार 6 नवंबर तक चोरी की कई घटनाएं सामने आई हैं। ऐसी ही एक घटसा का जिक्र करें तो ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सेवयोर ग्रीन आर्च सोसायटी में रहने वाले आयुष रस्तोगी ने ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में थाना बिसरख में दर्ज रिपोर्ट में बताया है कि वह 5 नवंबर की शाम को अपनी बलेनो कार से घर लौट रहे थे। वह कुछ सामान लेने के लिए फ्यूजन होम्स मार्केट पर रुके थे। वह अपनी कार को सड़क किनारे खड़ी कर खरीदारी करने के लिए मार्केट चले गए कुछ समय बाद जब वह वापस लौटे तो उन्हें कार का शीशा टूटा हुआ मिला। अज्ञात चोरों ने उनकी कार में से लैपटॉप, लैपटॉप चार्जर व पर्स चोरी कर लिया था। आयुष रस्तोगी के मुताबिक पर्स में करीब 5 हजार रूपए, आधार कार्ड, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड व अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे।
एक दूसरी घटना में नोएडा के थाना फेस-3 क्षेत्र के मामूरा गांव में स्थित शिव ऑटोमोबाइल्स के काउंटर से चोरों ने दुकानदार रोहित का मोबाइल फोन चोरी कर लिया रोहित के मुताबिक उसने जब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की तो उसमें एक व्यक्ति दुकान पर स्कूटी से आया। वह व्यक्ति काउंटर पर रखे मोबाइल फोन को अपनी जेब में रखकर स्कूटी लेकर चला गया।
थाना बादलपुर क्षेत्र के अच्छेजा गांव में चोरों ने इंद्रजीत की दुकान का ताला तोड़कर इनवर्टर व बैटरी चोरी कर ली। पुलिस ने करीब एक माह बाद चोरी के इस मामले को दर्ज किया है। नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के सेक्टर-50 ई ब्लॉक में रहने वाले आशीष यादव के घर से चोरों ने आईपैड तथा पर्स चोरी कर लिया पर्स में 3000 क्रेडिट, डेबिट कार्ड व जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे।
नोएडा के थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के बोटैनिकल गार्डन पर सालुंखे रामदास का मोबाइल फोन चोरी हो गया। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने करीब दो माह बाद मुकदमा दर्ज किया है। नोएडा के थाना सेक्टर-39 में सक्षम ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि बीते 6 में को वह साउथ एक्सटेंशन से अपने घर आने के लिए मेट्रो से आ रहा था बोटैनिकल गार्डन पर उसका मोबाइल फोन चोरी हो गया। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है यह मामला भी 6 माह बाद दर्ज किया गया है।
उधर, कबाड़ा बीनने की आड़ में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को ग्रेटर नोएडा क्षेत्र की थाना सूरजपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की वारदात में प्रयुक्त होने वाले औजार चाकू व एक जुगाड़ (बाइक ठेला) बरामद हुआ है।
ग्रेटर नोएडा में स्थित सूरजपुर थाने के थाना प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस रात्रि गश्त पर थी इस दौरान शराब के ठेके के पास बाइक ठेले पर दो युवक संदिग्ध अवस्था में बैठे हुए दिखाई दिए। संदेह के आधार पर ली गई तलाशी में उनके पास से एक-एक चाकू, रिंच, पाना, चाबी बरामद हुई। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम करण व आशु बताया। करण ने पूछताछ बताया कि वह दिन में कबाड़ा बीनने का काम करते हैं और रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते है। वह सड़क किनारे खड़े टेंपो के पहिए व बैटरी चोरी करने की घटनाओं को अंजाम देते हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि करण के खिलाफ चोरी आदि के कई मुकदमे दर्ज हैं।