
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-105 स्थित एचआईजी फ्लैट्स में चोरों ने एक घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर घर से लाखों रुपये के जेवरात, नकदी व अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। घटना के समय परिजन एक शादी समारोह में हिस्सा लेने के लिए नैनीताल गए हुए थे।
अरुण कुमार बृजवासी ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि वह 23 नवंबर 2023 को अपने मूल निवास हल्द्वानी (नैनीताल) में अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए परिजनों के साथ गए थे। शादी समारोह में हिस्सा लेकर जब वह वापस अपने घर लौटे तो उन्हें मास्टर बेडरूम का दरवाजा टूटा हुआ और सामान बिखरा हुआ मिला। उन्होंने जब बारीकी से छानबीन की तो पता चला कि घर के गार्डन की तरफ खुलने वाली खिड़की की ग्रिल टूटी हुई थी। उनके घर से सोने की चेन, अंगूठी, सोने के सिक्के, लेडिज राडो वॉच, लाखों रुपये मूल्य की जेंट्स वॉच, डेबिट कार्ड व सामान गायब था।
ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के मेट्रो स्टेशन से जीएसटी अधिकारी की पत्नी का बैग चोरी हो गया। बैग में नगदी, आभूषण तथा जरूरी कागजात रखे हुए थे। एडब्लूएचओ सोसायटी में रहने वाले प्रदीप कुमार जीएसटी अधिकारी है। उनकी पत्नी पूनम बेटी श्याम नॉलेज पार्क मेट्रो से उतरकर रोड क्रॉस कर रही थी। उनके पास दो बड़े बैग और एक छोटा बैग था।
मेट्रो से उतरने के बाद वह अपने घर चली गई कुछ समय बाद उन्हें ध्यान आया कि उनका छोटा बैग गायब है। इसके बाद वह वापस मेट्रो स्टेशन पहुंची और बैग की तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। पूनम ने फोन कर पुलिस को सूचना दी। थाना नॉलेज पार्क प्रभारी का कहना है कि पुलिस ने और मामले की जांच कर रही है मेट्रो स्टेशन के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो को खंगाला जा रहा है।