
Noida News : गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने निर्देश दिए हैं कि महिलाओं की सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं जिससे कोई भी अप्रिय घटना ना हो सके। महिलाओं की शिकायत पर पुलिस अधिकारी तुरंत एक्शन लेते हुए कार्रवाई करें। इसके अलावा पुलिस अधिकारी स्ट्रीट क्राइम की रोकथाम तथा अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई को अमल में लाएं। उन्होंने यह निर्देश क्राइम मीटिंग के दौरान दिए।
सेक्टर-108 स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय पर आयोजित क्राइम मीटिंग को संबोधित करते हुए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि थानों पर प्राप्त होने वाली महिलाओं की शिकायतों को तत्काल गंभीरता से लेकर नियम अनुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए। महिला हेल्प डैस्क पर नियुक्त महिला पुलिसकर्मी महिलाओं की शिकायतों को ध्यान पूर्वक सुनकर उन्हें रजिस्टर में अंकित करें। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क पर फस्र्ट एड किट रखने के लिए भी निर्देश दिए। साथ ही महिला सुरक्षा इकाई को प्रतिदिन मॉल, मेट्रो स्टेशन, स्कूलों प्रमुख बाजारों के आसपास निरंतर पेट्रोलिंग करने तथा महिलाओं के साथ संवाद करने को भी कहा। उन्होंने अपराधिक घटनाओं के शत-प्रतिशत अनावरण के लिए टीम गठित करने, लंबित पड़ी विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, अपराधिक घटनाओं में शामिल बदमाशों के विरुद्ध अभियान चलाते हुए गिरफ्तार कर जेल भेजने के निर्देश दिए। जनपद में सक्रिय शराब माफियाओं के खिलाफ टास्क फोर्स का गठन कर इनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने, स्ट्रीट क्राइम को रोकने के लिए प्रभावी पेट्रोलिंग करने, संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी के लिए अभियान चलाने का भी निर्देश दिया।
पुलिस कमिश्नर ने शहर के मॉल, पार्क, रेस्टोरेंट आदि के मालिकों व आसपास के व्यक्तियों, ग्राम प्रधानों, शांति समितियों के लोगों के साथ बैठक करने का भी निर्देश दिया।
इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था रविशंकर छवि, अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय), भारती सिंह सभी डीसीपी, एसीपी एवं थाना प्रभारी मौजूद थे।
तीन थाना प्रभारी सम्मानित
क्राइम बैठक के दौरान पुलिस कमिश्नर ने तीन थाना प्रभारियों को बेहतर कार्य करने पर पुरस्कृत भी किया। पुरस्कृत किए गए थाना प्रभारियों से संबंधित सहायक पुलिस आयुक्तों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर ने बिसरख थाना प्रभारी अनिल राजपूत को बेहतर कार्य करने पर 25,000, थाना सेक्टर-20 प्रभारी मनोज सिंह को 15,000 व थाना ईकोटेक-1 प्रभारी श्रीमती सरिता मलिक को 10,000 रूपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया।