
Noida News : उत्तर प्रदेश का नोएडा शहर यूं कहने को तो UP का आधुनिक शहर कहा जाता है, लेकिन इस शहर की दुर्दशा एक छोटे से जनपद के छोटे से कस्बे से भी बुरी है। जितना आधुनिक यह शहर है, उतने ही ज्यादा आवारा कुत्ते यहां की सड़कों पर घुमते नजर आते हैं। इन आवारा कुत्तों में बहुत सारे कुत्ते आदमखोर हो चुके हैं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा में कुत्तों के हमलों के मामले रोजाना प्रकाश में आते रहते हैं। इसके बावजूद यहां पर कुत्तों के काटने से होने वाली बीमारी रेबीज से निपटने के कोई इंतजाम नहीं है।
कुत्तों के काटने पर व्यक्ति को रेबीज से बचाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की है, लेकिन नोएडा (गौतमबुद्धनगर) जिले का स्वास्थ्य विभाग इस मामले में लगातार पिछड़ रहा है। गौतमबुद्धनगर जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) में एंटी रैबीज वैक्सीन के लिए हाहाकार मचा है। यहां की भी सीएचसी व पीएचसी में एंटी रेबीज वैक्सीन का स्टॉक खत्म हो गया है। जिला अस्पताल की बात करें तो दो दिन का स्टॉक ही बचा है। स्वास्थ्य विभाग को एंटी रेबीज वैक्सीन की आपूर्ति करने वाली एक कंपनी ने हाथ खड़े कर दिए हैं तो दूसरी कंपनी ने रविवार तक का समय आपूर्ति कराने के लिए मांगा है।
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, करीब पांच दिन से एंटी रेबीज वैक्सीन का संकट बना हुआ है। सीएचसी से 30 सितंबर को सीएमओ कार्यालय को इसकी सूचना भी दे दी गई। औषधि निगम के स्टोर से भी वैक्सीन की मांग की गई, इसके बावजूद वैक्सीन नहीं पहुंच पाई। सबसे अधिक संकट सीएचसी भंगेल, सीएचसी दाड़ा, सीएचसी बिसरख, सीएचसी मामूरा पर बना हुआ है।
नेशनल रेबीज कंट्रोल प्रोग्राम के प्रभारी डॉ. अमित कुमार शर्मा का कहना है कि हर महीने करीब 10 हजार डोज पूरे जनपद में लगाई जाती हैं। एक वॉयल से चार डोज दी जा सकती है। ऐसे में करीब 2500 वॉयल की जरूरत होती है। इसका करीब 10 फीसदी बफर स्टॉक में रहता है। आपूर्ति में दिक्कत आने पर बफर स्टॉक से आपूर्ति होती है। ऐसे में कंपनियों से संपर्क कर प्रयास किया जा रहा है कि रविवार तक आपूर्ति मिल जाए।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कुत्ते के काटने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे में एंटी रेबीज की मांग बढ़ी हुई है। इसी सप्ताह नोएडा के सेक्टर-53 के पार्क में घूमने आए बच्चे काे कुत्ते ने काट लिया। नोएडा के ही सेक्टर-168 की द गोल्डन पाम सोसाइटी में युवक पर तीन लावारिस कुत्तों ने हमला कर दिया। केपटाउन सोसाइटी में भी कुत्ते द्वारा काटने की घटना सामने आई है। ग्रेटर नोएडा में भी सेक्टर-137 की पारस टियारा सोसाइटी में कुत्ते ने एक व्यक्ति को काट लिया।
जिला अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रेनू अग्रवाल बताती है कि जिला अस्पताल में एंटी रेबीज के लिए मरीजों की संख्या काफी बढ़ गई है। जब तक हमारे पास स्टॉक है, मरीजों को वैक्सीन लगाते रहेंगे। वैक्सीन की मांग भी औषधि निगम से की गई है। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सुनील कुमार शर्मा बताते हैं कि सभी सीएचसी प्रभारी सीधे एंटी रेबीज वैक्सीन की मांग भेज सकते हैं, यह उनकी ही जिम्मेदारी है।