Noida News : जिले में चार शव मिलने से हड़कंप, अब तक किसी की पहचान नहीं
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 10:21 PM
Noida News : गौतमबुद्ध नगर जिले में अलग—अलग स्थानों पर चार शवों के मिलने से हड़कंप मच गया है। बादलपुर थाना क्षेत्र के राजदपुर गांव के पास नहर से एक युवक का सड़ा गला शव बरामद हुआ है। युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। इसी थाना क्षेत्र में राजदपुर गांव के पास बिसाहड़ा की नहर में एक शव मिला। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा के एक्सप्रेसवे क्षेत्र के छपरौली गांव के पास नाले से एक युवक का सड़ा गला शव बरामद हुआ, जबकि नोएडा के थाना एक्सप्रेस वे क्षेत्र में भी एक शव मिलने से सवाल उठने लगे हैं।
Noida News :
नहर में मिली लाश
बादलपुर के थाना प्रभारी ब्रह्मपाल सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि राजदपुर गांव के पास बिसाहडा की नहर में एक शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से निकलवा कर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्होंने बताया कि युवक केवल अंडरवियर पहने हुए था। उन्होंने आशंका जताई कि संभवत नहाने के दौरान युवक गहरे पानी में डूब गया और उसका शव बहते हुए यहां पहुंच गया। आसपास के थाना क्षेत्रों को अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना दे दी गई है।
अज्ञात शव मिलने से हड़कंप
उन्होंने बताया कि अच्छेजा गांव के पास नाले के किनारे भी एक युवक का शव मिला है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि किसी व्यक्ति ने सूचना दी कि अच्छेजा गांव के पास नाले के किनारे एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। शव के पास ही शराब के पाउच, पानी की खाली बोतल पड़ी हुई थी। थाना प्रभारी ने आशंका जताई कि संभवत: शराब के अत्यधिक सेवन के कारण उक्त व्यक्ति की मौत हुई है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
नाले से मिली लाश
थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र के छपरौली गांव के पास नाले से एक युवक का सड़ा गला शव बरामद हुआ है। युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी सरिता मलिक ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-168 छपरौली गांव के पास डबल सर्विस रोड के नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से निकलवा कर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। उन्होंने बताया कि कई दिन पुराना होने के कारण शव बुरी तरह से सड़ गया है। मौत के कारणों का पता जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पानी की हौदी में मिला शव
नोएडा के थाना फेस-1 क्षेत्र के सेक्टर-1 में जानवरों के लिए बनाई गई पानी की हौदी से एक युवक का शव मिला है। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी ध्रुव भूषण दुबे ने बताया कि बुधवार की सुबह सूचना मिली कि सेक्टर-1 बरातघर के पास पानी की हौदी में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को हौदी से बाहर निकलवा कर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई।
थाना प्रभारी ने आशंका जताई की संभवत शराब के नशे में उक्त व्यक्ति पानी की हौदी में गिर गया और नशे में होने के कारण बाहर नहीं निकल पाया जिस कारण उसकी मौत हो गई।