
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर 2 शव मिलने से सनसनी फैल गई। एक शव की शिनाख्त हो गई है जबकि दूसरे की पहचान नहीं हो पाई है। ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र के आम्रपाली लेजर वैली के पास से एक ऑटो चालक चार माह के बच्चे का अपहरण कर फरार हो गया।
नोएडा के थाना फेस-2 क्षेत्र के नया गांव के पार्क के पास एक शव पड़ा देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई तो उसकी पहचान इसराइल खान पुत्र हबीब खान के रूप में हुई। इसराइल खान नयागांव में अपने परिवार के साथ किराए पर रह रहा था। पुलिस के मुताबिक वह नशे का आदी था और नशे में इधर-उधर घूमता रहता था। वहीं थाना बिसरख क्षेत्र के चार मूर्ति चौराहे के पास सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ।
ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र के आम्रपाली लेजर वैली के पास से एक ऑटो चालक चार माह के बच्चे का अपहरण कर फरार हो गया। बच्चों के अपहरण की सूचना से पुलिस के हाथ पांव फूल गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मूल रूप से पश्चिम बंगाल निवासी भागीरथ अपने परिवार सहित लेजर वैली सोसायटी के पास रह रहा है। उसका 7 वर्षीय बेटा साप्ताहिक मार्केट के पास अपने चार माह के भाई को लेकर टहल रहा था। इस दौरान एक ऑटो चालक उसके पास पहुंचा ऑटो चालक ने भागीरथ के बेटे को खाने के लिए अमरुद दिया और उससे बातें करने लगा। कुछ देर पश्चात ऑटो चालक ने बच्चे से समोसे लाने को कहा। बच्चा अपने चार माह के भाई को ऑटो चालक को देकर समोसे लेने चला गया।
कुछ देर बाद जब वह समोसे लेकर वापस आया तो ऑटो चालक वहां से नदारत था। इस बात की जानकारी मिलने पर परिजनों ने आसपास ऑटो चालक की तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी का कहना है की घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कंगाल कर ऑटो चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।