
Noida News (चेतना मंच)। जी 20 शिखर सम्मेलन को लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। सम्मेलन के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर कमिश्नरेट ट्रैफिक पुलिस ने गौतमबुद्धनगर की विभिन्न ट्रांसपोर्ट यूनियन, उद्योग व व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों के साथ एक गोष्ठी का आयोजन किया। गोष्ठी में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान यातायात प्रतिबन्ध के साथ साथ वाहनों के संचालन के सम्बन्ध में विचार-विमर्श किया गया।
नोएडा के सेक्टर 14ए स्थित ट्रैफिक पुलिस कार्यालय में आयोजित गोष्ठी में डीसीपी ट्रैफिक अनिल कुमार यादव ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे एवं यमुना एक्सप्रेस-वे पर मालवाहक वाहनों का संचालन नहीं किए जाने तथा मालवाहक वाहनों को इस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से एनएच-91 के रास्ते गंतव्य तक जाने के लिए सुझाव दिया।
उन्होंने बताया कि गौतमबुद्धनगर शहर क्षेत्र में मालवाहक वाहन इस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से एचएच-91 होकर दादरी, ग्रेटर नोएडा क्षेत्र से नोएडा शहर में प्रवेश कर अपने गंतव्य स्थल तक जा सकेंगे।
जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान आवश्यक वस्तुएं जैसे दूध, सब्जियां, फल, चिकित्सा आपूर्ति ले जाने वाले मालवाहक वाहन दिल्ली पुलिस द्वारा जारी नो-एन्ट्री परमिशन के अनुसार जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि दिल्ली यातायात पुलिस द्वारा एडवाइजरी में संशोधन किए जाने की दशा में यातायात पुलिस गौतमबुद्धनगर द्वारा किए गए संशोधनों के बारे में अलग से एडवाइजरी जारी की जाएगी।
गोष्ठी में आये ट्रांसपोर्ट यूनियन, उद्योग व व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों ने जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान यातायात पुलिस को अपेक्षित सहयोग तथा यातायात निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया है। Noida News in hindi