
Noida News (चेतना मंच)। जनपद गौतमबुद्धनगर की तीन विधानसभा क्षेत्रों में 401 मतदाता 100 वर्ष से अधिक आयु के हैं। इनमें से सर्वाधिक मतदाता दादरी विधानसभा क्षेत्र में हैं। यहां ऐसे वयोवद्ध मतदाताओं की संख्या 210 है, जबकि जेवर विधानसभा क्षेत्र में ऐसे मतदाताओं की संख्या 155 है। वहीं नोएडा विधानसभा क्षेत्र में 100 वर्ष या इससे अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 36 है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी/डिप्टी कलेक्टर भैरपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने 100 वर्ष एवं इससे अधिक आयु के मतदाताओं को घर-घर जाकर सम्मानित किया तथा उनको मुख्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र प्रदान कर तथा फूल-माला पहनाकर व शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
ग्राम-गढ़ी चौखण्डी के मतदाता बुद्धमती देवी के घर जाकर उन्होंने उनको फूल-माला पहनाकर व शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र प्रदान किया।
इस अवसर पर बुद्धमती देवी के परिजन एवं ग्राम गढ़ी चौखण्डी के ग्रामवासी तथा पेशगार उप जिलाधिकारी न्यायालय एस.बी.तिवारी, जिला निर्वाचन कार्यालय लिपिक गजाधर आदि उपस्थित रहे।