
Noida News : नोएडा कमिश्नरी पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बावजूद चोर पुलिस से दो कदम आगे चल रहे हैं। पुलिस से बेखौफ चोर लगातार वारदात पर वारदात कर रहे हैं। पिछले 24 घंटे में चोरों ने चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया।
थाना सेक्टर 63 क्षेत्र के सेक्टर 63 में चोरों ने एक ऑफिस का ताला तोडक़र नगदी लैपटॉप सीसीटीवी कैमरा डीवीआर आदि चोरी कर लिया। अवंतिका रोहिणी दिल्ली निवासी सुमित सक्सेना ने बताया कि उनका सेक्टर 63 बी ब्लॉक में ऑफिस है। गत 7 जुलाई वह रोज की तरह सुबह जब अपने ऑफिस पहुंची तो उन्हें ताला टूटा हुआ मिलाी। ऑफिस में सभी चीजें बिखरी हुई थीं। उन्होंने जब जांच की तो पता चला कि चोर ऑफिस से 98 हजार नकद, लैपटॉप, चार्जर, सीसीटीवी कैमरा, डीवीआर आदि को चोरी कर ले गए हैं।
थाना बिसरख क्षेत्र में लगे रिलायंस जियो के टॉवर से चोरों ने 5 बैटरी चोरी कर ली। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। रिलायंस जियो कंपनी के कर्मचारी कपिल कुमार ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि आकाश एसोसिएट विकास मार्ग पास लगे टावर से गत दिनों चोरों ने 5 बैटरी चोरी कर ली। नेटवर्क इंजीनियर राजू कुमार ने उन्हें चोरी की सूचना दी, जिसके बाद उन्होंने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की चोर टावर में लगी 5 बैटरी को चोरी कर ले गए थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
थाना फेस-2 पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी से चोरी की एक बाइक बरामद हुई है। सेक्टर 85 चौकी प्रभारी कोमल कुंतल ने बताया कि गत 14 जुलाई को एक स्प्लेंडर बाइक चोरी हो गई थी। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। इस दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सेक्टर 83 मेट्रो स्टेशन रोड के कट के पास से चोरी की बाइक सहित पवन पुत्र अशोक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि उसने यह बाइक याकूबपुर गांव में जिम के सामने से चोरी की थी। चोरी करने के बाद उसने बाइक को एंजेल पब्लिक स्कूल के पास छिपा दिया था।
थाना बीटा-2 पुलिस ने 1 शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। इसके पास से चोरी के मोबाइल व चाकू बरामद हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस गश्त पर थी। इस दौरान सूचना मिली कि ऐच्छर गांव के पास एक बदमाश किसी अपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से खड़ा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी में इसके पास से चाकू व 6 मोबाइल फोन बरामद हुए पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जसीम पुत्र लतीफ शेख निवासी बसंतपुर जिला मालदा पश्चिम बंगाल बताया आरोपी ने बताया कि उसने यह मोबाइल फोन अलग-अलग स्थानों से चोरी किए थे और वह उन्हें बेचने के लिए जा रहा था।