
Noida News : नोएडा (चेतना मंच)। अलग-अलग स्थान से चोर दो लोगों के लैपटॉप व मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। पीडि़तों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सेक्टर 73 सर्फाबाद गांव में रहने वाले रंजीत यादव ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि बीते 10 अक्टूबर को उनके कमरे से अज्ञात चोर ने उनकी कंपनी का लैपटॉप, मोबाइल फोन चोरी कर लिया है। घटना के समय वह अपने कमरे में सोए हुए थे। पीडि़त ने थाना सेक्टर-113 में अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
वहीं थाना एक्सप्रेसवे में सेक्टर-135 निवासी रश्मि लिंबू ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके घर से उनका आईफोन मोबाइल चोरी हो गया उन्होंने मोबाइल की काफी तलाश की लेकिन पता नहीं चला। पीडि़तों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
नोएडा में चोरों ने अलग-अलग स्थान पर मोबाइल टावरों को निशाना बनाकर चोरी के तीन वारदातों को अंजाम दिया। चोर मोबाइल टावरों से कीमती उपकरण चोरी कर ले गए। सेक्टर 8 निवासी नवीन कुमार ने थाना सेक्टर-39 में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि सेक्टर 44 के गेट नंबर-1 के पास जिओ कंपनी का मोबाइल टावर लगा हुआ है। बीते 13 अक्टूबर की सुबह चोर मोबाइल टावर से 6 बैटरी चोरी कर ले गए। थाना सेक्टर-24 में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में शिवम इन्फोकॉम प्राइवेट लिमिटेड के टेक्नीशियन राजेंद्र कुमार ने बताया कि सेक्टर-12ए ब्लॉक के मकान पर लगे एयरटेल टावर से चोरों ने तीन आरआर यू व सहायक उपकरण चोरी कर लिया। चोरी की जानकारी मिलने पर कंपनी के अधिकारियों व सिक्योरिटी टीम ने मौके पर जांच पड़ताल की। वहीं थाना बीटा दो क्षेत्र के कासना रोड पर लगे एयरटेल कंपनी के टावर से चोरों ने दो आरआरयू डिवाइस चोरी कर ली। पीडि़तों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
नोएडा में थाना सेक्टर-49 पुलिस में चोरी के लोहे के गाटर व ग्रिल के साथ एक चोर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी चोरी के माल को छोटा हाथी टेंपो में भरकर ले जा रहा था। थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों को बरौला टीपॉइंट के पास छोटा हाथी में एक व्यक्ति लोहे का सामान रखता हुआ दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों को देखकर उक्त व्यक्ति टेंपो में बैठकर भाग निकला। संदेह के आधार पर पीछा कर उसे दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सनी कुमार पुत्र रमेश कुमार निवासी जनपद हाथरस बताया। तलाशी में इसके पास से एक चाकू बरामद हुआ। छोटा हाथी की तलाशी लेने पर उसमें लोहे के दो गाटर तथा पांच ग्रिल रखी हुई मिली। पूछताछ में सनी कुमार ने बताया कि वह अपने शौक पूरा करने के लिए रात में लोहे की ग्रिल गाटर व अन्य सामान को चोरी करने की वारदात को अंजाम देता है। वह सुनसान स्थान पर छोटा हाथी टेंपो को खड़ा कर उसमें ग्रिल व लोहे के सामान को रखकर रफू चक्कर हो जाता है। Noida News :