
Noida News (चेतना मंच)। ऑटो में सवारी के भेष में बैठे चोरों ने एक व्यक्ति के सूटकेस का ताला तोड़कर दो मोबाइल फोन, पासपोर्ट, नगदी व जरूरी दस्तावेजों का हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने थाना सेक्टर 39 में अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
सेक्टर 93 एक्सप्रेस व्यू अपार्टमेंट सुपर एमआइजी निवासी प्रफुल्ल कुमार अग्रवाल ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह महर्षि चौक के पास से एक शेयर ऑटो में बोटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन जा रहे थे। ऑटो में पहले से ही कुछ सवारिया बैठी हुई थी। बोटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन पर जब वह उतरे तो उन्हें अपने सूटकेस का ताला टूटा हुआ मिला।
उन्होंने जब सूटकेस के अंदर रखे सामान को देखा तो उन्हें दो मोबाइल फोन, पासपोर्ट, 5 हजार रूपये व अन्य जरूरी दस्तावेज गायब मिले। प्रफुल्ल कुमार अग्रवाल ने बताया कि मोबाइल चोरी होने के बाद उनके जीमेल अकाउंट भी हैक हो गए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
सेक्टर 1 स्थित मदरसन कंपनी के बाहर से चोरों ने एक कर्मचारी की बाइक पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने अज्ञात चोर के खिलाफ थाना फेस 1 में मुकदमा दर्ज कराया है। वेस्ट रोहताश नगर शाहदरा दिल्ली निवासी हरप्रीत सिंह ने बताया कि वह सेक्टर 11 स्थित मदरसन कंपनी में कार्यरत है। गत 13 जून को वह अपनी बाइक कंपनी के बाहर खड़ी कर ड्यूटी पर चला गया।
शाम को छुट्टी के उपरांत जब वह बाहर आया तो उसे बाइक गायब मिली। उसने बाइक की काफी तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कंपनी के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर चोर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।