
Noida News : (चेतना मंच)। उत्तर प्रदेश के नोएडा में जालसाजों द्वारा लोग से जमकर ठगी की जा रही है। अब ठगी का यह तरीका दिमाग को झकझोर देने वाला है। नोएडा में काम के बदले 500 रुपए देने का झांसा देकर एक जालसाज एक युवक की बाइक को लेकर फरार हो गया। पीड़ित युवक के पिता ने नोएडा के थाना सेक्टर 49 में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
नोएडा के सेक्टर 31 निवासी खेमचंद ने थाना सेक्टर 49 पुलिस से की शिकायत में बताया कि उसका बेटा रोहित तथा उसके दो दोस्त निठारी के पार्क में घूम रहे थे। इस दौरान एक बाइक सवार उनके पास आया। बाइक सवार ने बताया कि गत्ते के कुछ बॉक्स गोदाम से गाड़ी में लोड करवाने हैं। इस कार्य के बदले वह प्रत्येक को पांच पांच सौ रुपये देगा। तीनों युवकों के तैयार होने पर बाइक सवार ने एक युवक को अपनी बाइक पर बैठा लिया और दो अन्य को अपनी बाइक से बुध बाजार के पास आने को कहा।
खेमचंद के मुताबिक उसका बेटा रोहित घर से बाइक लेकर अपने दोस्त के साथ बुध बाजार पहुंच गया। कुछ देर बाद वह व्यक्ति भी पैदल पैदल बुध बाजार पहुंच गया और उसने कहा कि वह उनके दोस्त को गोदाम पर छोड़ आया है। उक्त व्यक्ति ने गोदाम तक ले जाने के बहाने रोहित से बाइक लेकर दोनों को पीछे बैठा लिया। कुछ दूर जाने पर उक्त व्यक्ति ने बहाने से दोनों को बाइक से नीचे उतार दिया और मौका देखकर बाइक लेकर रफू चक्कर हो गया।
दोनों ने उक्त व्यक्ति का काफी देर तक इंतजार किया लेकिन वह वापिस नहीं आया। इसके बाद रोहित ने घर आकर अपने साथ हुए हादसे की जानकारी परिजनों को दी। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। Noida News