
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा की थाना सेक्टर 39 की पुलिस ने एक ऐसे अंतर्राज्यीय शातिर बदमाश गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिसका एक सदस्य चोरी की किसी भी वारदात को अंजाम देने के लिए अपनी बीवी को साथ लेकर चलता है। पति पत्नी दोनों मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। इनके पास से चोरी के पास लाख मूल्य के जेवरात व अन्य सामान बरामद हुआ है। पकड़े गए दोनों आरोपी विभिन्न राज्यों में चोरी की दर्जनों घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।
एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि थाना सेक्टर 39 पुलिस ने पटियाला, पंजाब निवासी शहजाद और कोलकाता निवासी सिराजुद्दीन को गिरफ्तार किया है। इनके पास से गत दिनों थाना सेक्टर 37 के एक फ्लैट से चोरी किए गए करीब साढ़े सात तोले के सोने के जेवरात बरामद हुए हैं। पकड़े गए शहजाद पर करीब 50 तथा सिराजुद्दीन पर 40 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि वारदात के दौरान किसी को इन पर संदेह ना हो इसलिए यह सूटेड बूटेड होकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
Read More - ग्रेटर नोएडा में हुआ ‘‘बेटियों के सम्मान में- लोकदल मैदान में’’ कार्यक्रम, निकाला कैंडल मार्चएडीसीपी ने बताया कि आरोपियों ने 6 जुलाई को सेक्टर 37 में चोरी की वारदात को अंजाम देकर लाखों रुपये के जेवरात नकदी व अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया था। पूछताछ में पता चला है कि शहजाद की पत्नी भी चोरी की वारदात में उनके साथ रहती थी।
चोरी के सामान को आरोपी पटियाला में काले नाम के व्यक्ति को बेचते थे। शहजाद की पत्नी और काले की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। आरोपियों ने थाना क्षेत्र में चोरी की दो वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस इनके अपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। Noida News