
Noida News : नोएडा की एक संस्था यहां के लोगों के लिए कई अच्छे काम कर रही है। इस संस्था के पदाधिकारियों ने हाल ही में एक ऐसा काम किया है, जिससे नोएडा की जनता लाभान्वित होगी। नोएडा लोक मंच ने आज नोएडा दवा बैंक में औषधीय पौधारोपण अभियान का आयोजन किया। इस अवसर पर डॉ. प्रभात कुमार, आईएएस (सेवानिवृत्त), नोएडा प्राधिकरण के उद्यान विभाग की ओएसडी वंदना त्रिपाठी, एवं प्राधिकरण ओएसडी प्रशान एवं स्वास्थ्य आईपी सिंह ने सम्बोधित किया।
इस अवसर पर वंदना त्रिपाठी ने पौधों के औषधीय लाभों के बारे में बताया और कहा, "अपने बच्चों के लिए भवन न बनाएं बल्कि उनके लिए पेड़ लगाएं।" डॉ. प्रभात ने प्रकृति पर एक कविता सुनाई और कहा कि प्रकृति, पेड़ और पक्षियों के बिना जीवन नहीं है। आई. पी. सिंह ने श्रोताओं को संबोधित करते हुए बताया कि डॉ. प्रभात कुमार एवं श्री महेश सक्सेना के नेतृत्व में नोएडा लोक मंच अत्यंत समर्पण, निस्वार्थता और ईमानदारी के साथ समाज की सेवा कर रहा है।
सभी अतिथियों ने सेक्टर 12 कम्युनिटी सेंटर के मैदान में जामुन, तुलसी, नीम, नींबू, आंवला, गिलोय, गुलाब, बरगद आदि विभिन्न औषधीय पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर राजेश्वरी त्यागराजन, डॉ. अरुण मित्तल, मुकुल शुक्ला, मोहम्मद परवेज, लुबना, बिसलेरी से बायजू, इंद्र, एस के जैन, गिरीश शुक्ला सहित अन्य कई अधिकारी उपस्थित थे।