
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के सेक्टर-33ए स्थित शिल्प हाट में बुधवार से तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस का आगाज हो गया है। इस मौके पर उ.प्र. के लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री तथा जनपद गौतमबुद्धनगर के प्रभारी मंत्री कुंवर ब्रजेश सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर उ.प्र. दिवस का विधिवत उदघाटन किया।
इस मौके पर प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में उ.प्र. में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। इतने कार्य आज तक किसी भी सरकार में नहीं हुए हैं। करोड़ों हिन्दुओं की आस्था का प्रतीक राम मंदिर का निर्माण भी इसी सरकार में हुआ है। प्रदेश आज विकास के शिखर पर पहुंच चुका है।
यूपी दिवस की थीम उत्तर प्रदेश समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत रखी गई है। प्रभारी मंत्री ब्रजेश सिंह ने उदघाटन के बाद नोएडा के विकास की अब तक की यात्रा की लगाई गई गैलरी का अवलोकन भी किया। शिल्प हॉट में इस मौके पर नोएडा, ग्रेटर नोएडा, प्राधिकरण के अलावा विभिन्न जिलों के ओडी ओपी उत्पादों के भी स्टॉल लगाए गए हैं।
विधायक पंकज सिंह, जेवर के विधायक ठा. धीरेन्द्र सिंह, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, भाजपा के नोएडा महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डा. लोकेश एम, एसीईओ संजय खत्री, डीएम मनीष कुमार वर्मा के अलावा सीडीओ जनार्दन सिंह, सीएमओ डॉक्टर सुनील शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र बहादुर सिंह, जिला मनोरंजन कर अधिकारी जेपी चंद, उपायुक्त उद्योग अनिल कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह, जिला सांख्यिकी अधिकारी शिवराज सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी विपिन अग्रवाल, जिला रोजगार सहायता अधिकारी मनीषा अत्री, जिला उप क्रीड़ा अधिकारी अनीता नागर, प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉक्टर यशपाल, जिला पंचायत राज अधिकारी कुंवर सिंह यादव, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश सिसोदिया, जिला दिव्यांगजन अधिकारी आशीष कुमार सिंह एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।