
Noida News : नोएडा के थाना सेक्टर 63 की पुलिस ने फर्जी आधार व पैन कार्ड बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से थम्ब स्कैनर मशीन, फिंगर प्रिंट स्कैनर, बायोमेट्रिक मशीन सहित अन्य सामान बरामद हुआ है। पकड़े गए आरोपी ऐसे लोगों को फर्जी आधार व पैन कार्ड उपलब्ध कराते थे जिनका सिविल खराब होता था।
नोएडा के थाना सेक्टर 63 के थाना प्रभारी अमित कुमार मान ने बताया कि एक सूचना के आधार पर सेक्टर 63 डी ब्लॉक से संजीत कुमार पुत्र रविंदर निवासी बिहार, जितेंद्र शर्मा पुत्र धर्मवीर शर्मा निवासी अलीगढ़ व आकाश कुशवाहा पुत्र रमेश चंद्र कुशवाहा निवासी आगरा को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए तीनों आरोपी हाल में नोएडा में रह रहे हैं। इनके पास से 6 लैपटॉप, 11 टैबलेट, एक वेब कैमरा, दो आई स्कैनर मशीन, दो बायोमेट्रिक मशीन, 6 फर्जी आधार कार्ड, एक सिलिकॉन का अंगूठा, भारी मात्रा में आधार कार्ड व पैन कार्ड बनाने के प्लास्टिक स्मार्ट कार्ड, 8 फिंगर प्रिंट स्कैनर, थंब स्कैनर मशीन बरामद हुई हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह एक व्यक्ति के दो आधार कार्ड बनाते हैं। फर्जी आधार कार्ड के जरिये ही नए नाम का पैन कार्ड बनाया जाता था। इस दौरान किसी अन्य व्यक्ति की आंखों के रेटिना को स्कैन अथवा नाम में बदलाव कर वह दूसरा आधार कार्ड तैयार कर देते हैं। आरोपियों के मुताबिक वह अधिकतर ऐसे लोगों के फर्जी आधार कार्ड बनाते थे जिनका बैंक सिबिल स्कोर खराब होता था। सिबिल स्कोर खराब होने की वजह से उन्हें बैंकों से लोन नहीं मिल पाता था। ऐसे लोग उन्हें मुंह मांगी रकम देकर फर्जी आधार कार्ड बनाकर बैंकों से लोन लेते थे।
थाना प्रभारी के मुताबिक पकड़े गए आरोपी 5 से 10 हजार रूपये में आधार कार्ड व पैन कार्ड तैयार करते थे। आरोपी पिछले काफी समय से इस गोरखधंधे में संलिप्त थे और अब तक सैकड़ों लोगों के फर्जी आधार व पैन कार्ड बनवा चुके हैं। Noida News