
Noida News /ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना बीटा-2 क्षेत्र के अल्फा कमर्शियल बेल्ट के पास तेज गति में आ रहा एक ऑटो डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इस हादसे में कई सवारियां घायल हो गई। घायल सवारियों में महिला मायावती निवासी मध्य प्रदेश की मौत हो गई।
थाना फेस-3 क्षेत्र के पृथला गोल चक्कर पर बाइक पर जा रहे सेक्टर-37 निवासी राजीव जोशी को एक ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। गंभीर स्थिति में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं थाना कासना क्षेत्र के जिम्स अस्पताल में उपचार के लिए लाए गए आसिफ पुत्र लतीफ की मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि आशीष का सिकंदराबाद में एक्सीडेंट हुआ था परिजन उसे उपचार के लिए जिम्स अस्पताल लेकर आए थे।
थाना जारचा क्षेत्र के नरौली गांव के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि बीती शाम पुलिस को सूचना मिली कि नरौली गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने आशंका जताई कि संभवत रेलवे ट्रैक पार करते समय उक्त व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है और आसपास के थाना क्षेत्रों को अज्ञात व्यक्ति की मौत की सूचना दे दी गई है। Noida News