
Noida News (चेतना मंच)। सुप्रीम कोर्ट द्वारा दीपावली पर नोएडा, दिल्ली एनसीआर में पटाखे चलाने पर रोक के बावजूद लोग बाज नहीं आए और दीपावली पर जमकर पटाखे फोड़े। पटाखे फोड़ने के कारण ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसायटी में रहने वाले परिवार पर मुसीबत का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के तीन मासूम बच्चे पटाखे की चपेट में आकर झुलस गए। बच्चों के पिता ने सोसायटी में ही रहने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ थाना बिसरख में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित इरोज संपूर्णम सोसायटी में रहने वाले गगन सिंघल ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि दीपावली की रात को वह अपनी सोसाइटी में अपने बच्चों के साथ घर की तरफ जा रहा था। इस दौरान सोसायटी में रहने वाले विपिन शुक्ला सोसायटी के गेट नंबर-3 पर पटाखे जला रहे थे। विपिन शुक्ला द्वारा चलाए जा रहे पटाखे से उनकी बच्ची की फ्रॉक में आग लग गई। इसके अलावा उनका 10 माह का छोटा बेटा माधव सिंघल पटाखे से झुलस गया, जबकि 3 वर्ष के बेटे अमोघ सिंगल के कपड़े जल गए और वह भी झुलस गया। वह अपने बच्चों को तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। माधव सिंघल को अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया जबकि दोनों बच्चों को मामूली उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
गगन सिंघल के मुताबिक उसने इस मामले की एओए तथा मेंटेनेंस डिपार्टमेंट में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बावजूद आरोपी विपिन शुक्ला के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवाई जिसमें विपिन शुक्ला लापरवाही तरीके से पटाखे फोड़ता हुआ दिख रहा है। गगन सिंगला ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा रोक लगाई जाने के बावजूद विपिन शुक्ला ने पटाखे फोड़कर अदालती नियमों का उल्लंघन किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
इसके अलावा नोएडा के थाना सेक्टर-113 क्षेत्रांतर्गत सेक्टर-75 स्थित एपेक्स एथना सोसाइटी में रहने वाले हुकुमचंद ने पड़ोस में रहने वाले दंपति के खिलाफ घर के बाहर पटाखे जलाकर परेशान करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। हुकुमचंद के मुताबिक बीते 22 नवंबर को पड़ोस में रहने वाले जलज परेटरिया व रूपाली ने उनके घर के बाहर पटाखे फोड़ना शुरू कर दिए।
तेज धमाकों की आवाज सुनकर उनकी पत्नी विमला देवी व पुत्रवधू सुकन्या ने इसका विरोध किया तो पति-पत्नी गाली गलौज करने लगे। इसका विरोध किया तो दोनों ने उनकी पत्नी व पुत्रवधू के साथ मारपीट की। मारपीट में उनकी पत्नी विमला देवी के बाएं हाथ की कलाई में फ्रैक्चर हो गया। मेडिकल परीक्षण में भी फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।