
Noida News (चेतना मंच) । वाजिदपुर गांव में जर्जर दीवार के अचानक गिरने से एक छह वर्षीय बालक समेत तीन लोग बुरी तरह से दब गए। गंभीर स्थिति में उपचार के लिए उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मूल रूप से ग्राम बहलोलपुर निवासी रामवीर यादव का वाजिदपुर में मकान बना हुआ है। उनके मकान के बराबर से एक गली जा रही है। बीती रात्रि करीब गली के बराबर की चारदीवारी की एक जर्जर दीवार अचानक गिर गई। दीवार गिरने के कारण उधर से गुजर रहे रविंद्र शर्मा पुत्र राजकुमार 22 वर्ष, सूरज पुत्र सुमन 22 वर्ष, मुकेश पुत्र बलराम 22 वर्ष निवासी सीतापुर व एक 6 वर्षीय बच्चा दीवार के मलबे में दब गए।
जर्जर दीवार गिरते ही गली में हड़कंप मच गया। शोर शराबा सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर इकट्ठे हो गए और उन्होंने राहत कार्य करते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस व स्थानीय लोगों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और उपचार के लिए फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान 6 वर्ष के बच्चे ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत के बाद से उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है। Noida News