
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा में रविवार की सुबह छोटे गैस सिलेंडर के लीकेज होने से लगी आग की चपेट में आकर तीन झोपड़ियां जलकर भस्म हो गई। इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फायर सर्विस के पहुंचने से पहले ही क्षेत्रवासियों ने आग पर काबू पा लिया था।
जानकारी के अनुसार नोएडा के थाना सेक्टर 63 क्षेत्रांतर्गत ग्राम बहलोलपुर स्थित झुग्गी बस्ती में रविवार की सुबह एक छोटे गैस सिलेंडर में रिसाव हो गया जिससे आग लग गई। आग ने झुग्गी को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते दो अन्य झुग्गी भी आग की चपेट में आकर भस्म हो गई। घटना की सूचना थाना 63 पुलिस और फायर सर्विस को दी गई। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की यूनिट मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक क्षेत्रवासी आग पर काबू पा चुके थे।
इसके बाद फायर सर्विस यूनिट ने घटना स्थल पर अग्नि सुरक्षा से बचाव के उपाय बताए। वहां मौजूद लोगों को सिलेंडर की आग बुझाने के तरीके बताए गए। उपरोक्त अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं है।