
Noida News : यदि आप UP के नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में रहते या कारोबार करते हैं तो जरा सावधान हो जाएं। इन दिनों नोएडा व ग्रेटर नोएडा में ठगों का एक गिरोह घूम रहा है। यह गिरोह असली नोट दिखाकर नकली नोट थमा देता है। जब तक पता चलता है कि आपके साथ ठगी हो गई है। तब तक बहुत देर हो चुकी होती है।
आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के दनकौर थाने की पुलिस ने ठगों का एक गिरोह पकड़ा है। गिरोह के कब्जे से ढाई लाख रूपए नगद व साढ़े आठ करोड़ रूपए के नकली नोट पकड़े गए हैं। पकड़े गए ठगों में दिल्ली की जे.जे. कालोनी का विशाल चौहान, अशोक बिहार का मोबिन खान तथा आगरा का उपेन्द्र सिंह शामिल है। इन ठगों का सरगना लखनऊ का रहने वाला है। परवेज कुमार उर्फ डीके है। डीके अभी भी आजाद घूम रहा है। हो सकता है डी.के. व उसके दूसरे साथी इस समय आपके आसपास कहीं मौजूद हों। इसलिए आपको बेहद सावधान रहने की आवश्यकता है।
नकली नोट लेकर नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा में घूम रहा ठगों का यह गिरोह बेहद शातिर है। यह गिरोह गूगल पर सर्च करके सामाजिक संगठनों, NGO तथा छोटी-छोटी कंपनियों की लिस्ट बनाता है फिर उन संगठनों व कंपनियों के पदाधिकारियों से गिरोह के सदस्य संपर्क करते हैं। लकड़ी के बड़े-बड़े डिब्बों में भरकर करोड़ों रूपये के नोट दिखाए जाते है। दरअसल नोटों की गडडी के ऊपर व नीचे एक ही नोट असली होता है, बीच में नकली नोट रहते हैं।
करोड़ों रूपये के नकली नोट दिखाकर यह बताया जाता है कि यह पैसा कुछ बड़े दानदाताओं का पैसा है। हम आपके संगठन अथवा कंपनी में पैसा लगवा देंगे उसके बदले आपको हमें 10 प्रतिशत कमीशन देना होगा। जो लोग इनके झांसे में पड़ जाते हैं उनसे 10 प्रतिशत के नाम पर लाखों रूपये लेकर ये ठग नकली नोट पकड़ाकर फरार हो जाते हैं। इस गिरोह का सरगना डी0के0 बेहद शातिर दिमाग वाला ठग बताया जाता है। अपने कुछ साथियों के पकड़े जाने के बावजूद वह इस समय नोएडा व ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में सक्रिय बताया जा रहा है।