
Noida News : नोएडा में ठगों का एक अजीब गिरोह सक्रिय है। आप सावधान रहें कहीं राह चलते आप भी ठग न लिए जाएं। यह गिरोह खासतौर से महिलाओं को ठगता है। इस गिरोह के तीन सदस्यों को नोएडा पुलिस ने बंदी बनाकर जेल भेज दिया है।
आपको बता दें कि नोएडा के सेक्टर 63 थाने की पुलिस ने तीन शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। ये ठग कागज की गड्डी दिखाकर नोट दुगने करने तथा सोने की ज्वैलरी डबल करने का लालच देकर भोली भाली महिलाओं को ठगने का धंधा कर रहे थे। इनके कुछ और साथी अभी भी नोएडा शहर में सक्रिय हो सकते हैं।
नोएडा के सेक्टर 63 थाने के कोतवाल ने चेतना मंच को बताया कि थाना सेक्टर 63 पुलिस को बीट पुलिसिंग के माध्यम से मिली गोपनीय सूचना के आधार परएसजेएम तिराहे चौकी छिजारसी सेक्टर 63 से मोहम्मद नसीम पुत्र मोहम्मद मंजूर, सफरोज पुत्र मोहम्मद रशीद तथा संजय कुमार पुत्र रामस्वार्थ को 1 कागज की फर्जी गड्डी जिसके ऊपर व नीचे 500-500 के नोट लगे है एक आर्टीफिसियल गले का हार, चार कंगन, दो टाप्स, 315 बोर का एक तमंचा 2 चाकू तथा ईको कार नम्बर डीएल 8 सी. ए.जे. 4225 सहित गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह हर दिन जगह बदल बदल कर सीधे साधे महिलाओं व पुरुषों को अपनी बातों में फंसाकर धोखाधड़ी से असली नोटो की एक लाख की गड्डी बताकर तथा महिलाओ से उनके असली आभूषण को अपने साथ लिये नकली आभूषणों के साथ बदल कर ठगी करते है। शातिर बदमाश 50 हजार रूपये लेकर नोट दुगना देना बताते है और इसी गड्डी को दिखा कर पैसे ले लेते है। राह चलती औरतों को बातों में फंसाकर धोखे से उनके असली आभूषण को इन नकली आभूषणों से बदल देते हैं। शातिर ठगों ने बताया कि वह काफी समय से इस धंधे को अंजाम दे रहे हैं। खाने पीने व मौज मस्ती के लिये आये दिन लोगों के साथ धोखाधड़ी करके ठगी करते रहते हैं। ठगों ने बताया कि वह अब तक अनेकों लोगों को चूना लगा चुके हैं और पहले भी जेल जा चुके हैं। Noida News