
Noida News : नोएडा । नोएडा से लुधियाना में स्ट्रीट लाइट बदलने का ऑनलाइन ऑर्डर लेकर काम करने वाले ठेकेदार को टाटा पावर कंपनी लिमिटेड (TPCL) ने करोड़ों रुपए का भुगतान नहीं किया। पीडि़त ने टीपीसीएल कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ थाना फेस वन में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है।
मूल रूप से मोहाली पंजाब (Punjab) निवासी आरूष कुमार जैन ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनकी फर्म जेनेसिस इंजीनियरिंग कंपनी ने वर्ष 2019 में टीपीसीएल से स्ट्रीट लाइट बदलने का ऑनलाइन कांटेक्ट लिया था। टीपीसीएल (TPCL) के प्रोजेक्ट मैनेजर अमन कुमार, प्रोजेक्ट हेड आरके सिंह के सुपरविजन में कार्य करते हुए दिसंबर 2020 में कार्य को पूरा कर लिया गया। इस दौरान उन्हें लुधियाना कॉरपोरेशन से कंपलीशन लेटर भी वर्ष 2021 में मिल गया। आरूष जैन का आरोप है कि कार्य पूरा करने के बावजूद भी टीपीसीएल द्वारा उनका पैसा नहीं दिया गया। इस पर उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर अमरेंद्र कुमार से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि उन्होंने कम लाइट लगाई है।
इस पर उन्होंने स्टॉक रजिस्टर की कॉपी मांगी। व्हाट्सएप पर उपलब्ध कराई गई स्टॉक रजिस्टर की कॉपी में कई जगह फ्लूड लगाकर कटिंग कर हेराफेरी की गई थी। पीडि़त ने बताया कि उनके लगभग 8.30 करोड रुपए का भुगतान नहीं किया गया है। इस संबंध में उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर अमरेंद्र कुमार, प्रोजेक्ट हेड आरके सिंह, बिजनेस डेवलपमेंट हेड तरुण कटिहार, अकाउंट हेड निकुंज गुप्ता आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।