
Noida News : ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना बादलपुर क्षेत्र के सादोपुर गांव के पास तेज गति में आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी सवार छात्रा को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्रा की अस्पताल में मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
ग्राम सादुल्लापुर निवासी मुस्कान पुत्री हशीमुद्दीन अपनी स्कूटी से जा रही थी। सादोपुर गांव के पास तेज गति में आ रहे ट्रैक्टर ट्राली का चालक संतुलन खो बैठा और उसने मुस्कान की स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना बादलपुर पुलिस ने घायल मुस्कान को दादरी के एक अस्पताल में पहुंचाया। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर मुस्कान के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना के आरोपी चालक की तलाश कर रही है।