Noida: नोएडा। यदि सेक्टर में कोई भी मकान की खरीद-फरोख्त होती है तो आरडब्ल्यूए को 5 हजार रूपये देना होगा। यदि किसी मकान को किराये पर उठाया तो 1 हजार रूपये अदा करना होगा। यह फरमान जारी किये सेक्टर-34 हिमगिरि आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष एस.के. सिंघल ने।सेक्टर में प्रोपर्टी डीलर का व्यवसाय करने वाले तथा लोकजन शक्ति पार्टी से नोएडा विधानसभा में चुनाव लड़ चुके अमरेश श्रीवास्तव ने यह आरोप लगाया है। श्री श्रीवास्तव का कहना है कि इस आदेश से सेक्टर के सभी प्रोपर्टी डीलर्स में काफी रोष है। उनका कहना है कि यह तुगलकी कदम किसी भी सेक्टर में नहीं है। लेकिन यहां के आरडब्लयूए अध्यक्ष ने यह फरमान सुनाकर सभी को हैरान कर दिया है। कुछ प्रोपर्टी डीलर इस फरमान को गुंडा टैक्स बता रहे हैं। उन्होंने इस मामले में पुलिस प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।