
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के दादरी रोड पर नाले से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़ गल गया है। वहीं थाना एक्सप्रेस में क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है।
थाना सेक्टर-39 प्रभारी ने बताया कि गुरुवार को सूचना मिली कि दादरी रोड नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। शव करीब सात-आठ दिन पुराना होने के कारण सड़ गल गया था, जिस कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। शव की पहचान कराने के लिए आसपास के थाना क्षेत्र की पुलिस को अज्ञात शव मिलने की सूचना दे दी गई है। पुलिस विभिन्न थाना क्षेत्रों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए लोगों का ब्यौरा जुटा रही है। आशंका जताई जा रही है कि उक्त व्यक्ति की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से नाले में फेंका गया है।
वहीं थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र के सेक्टर-168 की ग्रीन बेल्ट में एक (35 वर्षीय) युवक का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
ग्रेटर नोएडा के रोनीजा गांव में सिगरेट के पैसे मांगने पर चार दबंगों ने दुकानदार व उसके बेटों के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। पीड़ित दुकानदार ने आरोपियों के खिलाफ थाना रबूपुरा में मुकदमा दर्ज कराया है। ग्राम रोनीजा निवासी अजय ने पुलिस से की शिकायत को बताया कि वह गांव के पास ही खाने की रेहडी लगता है। इसी रेहडी पर वह सिगरेट, गुटख आदि भी बेचता है। बीती रात्रि वह दुकान बंद कर रहा था। इस दौरान उसकी दुकान पर मेघराज उसके तीन साथी पहुंचे चारों युवकों ने उससे सिगरेट ली।
सिगरेट देने के बाद उसने जब युवकों से पैसे मांगे तो चारों उसके साथ गाली गलौज करने लगे उसने जब इस बात का विरोध किया तो आरोपियों ने लोहे की रोड से उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट होती देखकर उसके बेटे जब उसे बचाने के लिए पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। मारपीट के बाद आरोपी पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर मामला दशा लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।