Noida News (चेतना मंच)। यूपी के नोएडा के बॉटेनिकल गार्डन मल्टीलेवल पार्किंग में एक कार डीलर के यार्ड से दो कार चोरी होने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। कार डीलर ने इस यार्ड में करीब 800 नई गाड़ियां स्टॉक में खड़ी की हुई है।
नोएडा के सेक्टर-5 स्थित सागर मोटर्स के महाप्रबंधक वीरेंद्र सिंह खारी ने बताया कि उनके पास टाटा मोटर की अधिकृत डीलरशिप है। उनकी कई डीलरशिप एनसीआर और पूर्वी दिल्ली में भी हैं। इन सभी शोरूम के लिए वह नई गाडिय़ों का स्टॉक शोरूम के आसपास ही रखते हैं। उनका मुख्य स्टॉक यार्ड बॉटेनिकल गार्डन मल्टी लेवल पार्किंग में द्वितीय तल पर है। यहां पर उनकी लगभग 800 कार स्टॉक में खड़ी रहती हैं।
24 दिसंबर को स्टॉफ ने जब यार्ड में खड़ी कारों की गिनती की तो उसमें से टाटा पंच तथा टाटा अल्ट्रोज गाड़ी गायब थी। उन्होंने कार गायब मिलने पर अपने सभी स्टाफ, यार्ड शोरूम, वर्कशॉप में उन्हें तलाशने का प्रयास किया लेकिन दोनों कारों का कोई पता नहीं चला।
वीरेंद्र सिंह खारी ने बताया कि रिकॉर्ड के मुताबिक दोनों कारों की अंतिम उपलब्धता बॉटेनिकल गार्डन मल्टी लेवल पार्किंग की है। दोनों कार न मिलने पर उन्होंने 31 दिसंबर को पुलिस को फोन कर सूचना दी थी। पुलिस टीम ने स्टाक यार्ड में जाकर छानबीन की, लेकिन कारों का कोई पता नहीं चल पाया। वीरेंद्र सिंह खारी ने थाना सेक्टर-39 में अज्ञात चोरों के खिलाफ कार चोरी किये जाने का मामला दर्ज कराया है।