
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर में की जा रही वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार दो लोगों को रुकने का इशारा किया, लेकिन जब वह नहीं रुके और पुलिस पर ही फायरिंग करने लगे तो पुलिस ने ऐसा करारा जवाब दिया कि वह उम्रभर याद करेंगे। पुलिस ने बाइक सवार दोनों लोगों को गोली मारकर घायल कर दिया। दोनों लोगों की पहचान शातिर बदमाशों के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह नोएडा के थाना सेक्टर-58 पुलिस द्वारा लैबर चौक के पास चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक बाइक को रूकने का इशारा किया गया, किंतु बाइक सवार व्यक्तियों द्वारा भागने का प्रयास करते हुए बाइक को तेजी से भगा लिया गया।
पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर बदमाशों द्वारा पुलिस के ऊपर फॉयरिंग की गई, जिस पर पुलिस टीम ने जवाबी कार्यवाही करते हुए दोनों बदमाशों पर फायरिंग की। पुलिस की गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए। जिन्हें घायल अवस्था में सेक्टर-62, सदर मालखाना सर्विस रोड के पास से गिरफ्तार किया गया है।
पकड़े गए बदमाशों की पहचान नितिश राणा उर्फ नितिश बिहारी पुत्र सियाराम निवासी संगम चौक, थाना खोडा, गाजियाबाद तथा सुमित पुत्र ध्रुव प्रसाद निवासी मयूर विहार, फेस-3, नोएडा के रूप में हुई है। बदमाशों के कब्जे से चोरी की दिल्ली से चोरी की गई एक बाइक और 2 अवैध तमंचे व 3 जिन्दा कारतूस बरामद हुए है। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पकड़े गए बदमाश नितिश के विरूद्ध दिल्ली/एनसीआर के विभिन्न थानों में करीब 28 मुकदमें और सुमित के विरूद्ध करीब 8 मुकदमें दर्ज है। पुलिस बदमाशों के अन्य आपराधिक रिकार्ड खंगाल रही है।