
Noida News (चेतना मंच)। थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सेक्टर-79 से एक युवती व एक किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। एक साथ दो लड़कियों के लापता होने से पुलिस में हडक़ंप मचा हुआ है, वहीं परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटियों का अपहरण किया गया है।
मूल रूप से बिहार के रहने वाले राजेश व राकेश (दोनों ही काल्पनिक नाम) सेक्टर 79 में सिक्का कर्मिक ग्रीन्स के पास एक निर्माणाधीन मकान में काम करते हैं। दोनों के परिवारजन भी यहीं पर निर्माणाधीन इमारत में रह रहे हैं। राकेश व राजेश की पुत्रियां शुक्रवार को घर से किसी काम के लिए निकली थी। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की लेकिन उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। थक हार कर परिजनों ने थाना सेक्टर 113 पुलिस को सूचना दी।
थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार का कहना है कि परिजनों की सूचना के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लापता नाबालिग किशोरी पूर्व में थाना सेक्टर 49 क्षेत्र से भी संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुई थी। उक्त प्रकरण में भी मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस किशोरियों की तलाश कर रही है।