Noida News: नोएडा में मजदूरों पर भारी पड़ा रविवार, 2 की मौत, मिट्टी की ढांग के नीचे दबकर मजदूर की मौत
Noida News
भारत
चेतना मंच
21 Aug 2023 07:57 PM
Noida News: नोएडा (चेतना मंच)। थाना सूरजपुर क्षेत्र में सूर्या फूड कंपनी की निर्माणाधीन साइट पर कॉलम के लिए खोदे गए गड्ढे में मिट्टी की ढांग गिरने से एक मजदूर मिट्टी के नीचे दब गया। आस-पड़ोस में काम कर रहे मजदूरों ने उसे मिटटी से निकाला और अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मूल रूप से महोबा निवासी नीरज अपने भाई गंगा सिंह के साथ कस्बे में रह रहा था। नीरज का भाई गंगा सिंह सूर्या फूड कंपनी की निर्माणाधीन साइट पर मजदूरी का काम करता था।
मिट्टी की ढांग के नीचे दबकर मजदूर की मौत
बीती शाम नीरज सिंह भाई के लिए खाना लेकर साईट पर पहुंचा। इस दौरान वह सीताराम नामक मजदूर के साथ पिलर के लिए खोदे गए गड्ढे में जा बैठा। अचानक ऊपर से मिट्टी की ढांग आ गिरी। मिट्टी गिरते ही सीताराम गड्ढे से निकल भागा जबकि नीरज उसकी चपेट में आ गया। कुछ देर बाद ऊपर से मिट्टी की एक बड़ी ढांग नीरज के ऊपर आ गिरी। सीताराम के शोर मचाने पर आस-पड़ोस के मजदूरों ने तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। कुछ लोगों ने थाना कासना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मजदूरों की मदद से मिट्टी में दबे नीरज को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। इस संबंध में परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।
नोएडा प्राधिकरण के ठेकेदार व विद्युत विभाग की लापरवाही ने ली मजदूर की जान
रविवार को ही एक दूसरी घटना में एक और मज़दूर की दर्दनाक मौत हो गई। नोएडा प्राधिकरण के ठेकेदार व विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते सेक्टर 24 ईएसआई अस्पताल के बाहर विद्युत पोल लगाते समय एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। विद्युत पोल ऊपर से जा रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से टकरा गया। पोल में उतरे करंट की चपेट में आकर 7 मजदूर झुलस गए। इस हादसे में एक मजदूर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि विद्युत पोल लगाने के दौरान ठेकेदार ने लापरवाही बढ़ाते हुए विद्युत विभाग से शटडाउन नहीं लिया हुआ था।
Noida News ठेकेदार व विद्युत विभाग की लापरवाही से हुआ हादसा
रविवार शाम को ठेकेदार के मजदूर सेक्टर 24 स्थित ईएसआईएस अस्पताल के बाहर विद्युत पोल लग रहे थे। इस दौरान विद्युत पोल 11000 वोल्ट की लाइन से टकरा गया। पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से खंबा लगा रहे 7 मजदूर छटपटाने लगे। मजदूरों को करंट की चपेट में देखकर मौके पर अफरा तफरी मच गई। इस दौरान करंट की चपेट में आने से एक मजदूर ने मौके पर दम तोड़ दिया जबकि 6 अन्य मजदूर झुलस गए। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस और बिजली विभाग को दी। बिजली विभाग ने आनन-फानन में लाइट बंद की जिसके बाद मजदूरों को वहां से हटाया गया।
ग्रेटर नोएडा - नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।