नोएडा में 2.31 करोड़ की दो परियोजनाएं करेंगी राह आसान
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
24 Nov 2025 03:21 PM
नोएडा
RP Raghuvanshi
24 Nov 2025 03:21 PM
Noida News : मास्टर प्लान-2 रोड के आगे सेक्टर-61 से लेकर सेक्टर-121 के बीच जाम दूर करने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने दो परियोजनाएं बनाई हैं। पहली परियोजना के तहत सेक्टर-61 में सेक्टर-60 पुलिस चौकी के सामने लगने वाले जाम को दूर करने की कवायद की जाएगी। यहां पर सेक्टर-71 चौराहे की तरफ से आने वाले वाहन फंसते हैं।
फेज-3 थाने के सामने लगने वाले जाम को खत्म करना
वहीं, दूसरी परियोजना सेक्टर-71 व 66 के बीच में फेज-3 थाने के सामने लगने वाले जाम को दूर करेगी। यहां पर यू-टर्न से मुड़ने वाले वाहन एलिवेटेड रोड की तरफ से आने वाले ट्रैफिक को रोकते हैं। साथ ही, यू-टर्न पर ट्रैफिक धीरे होने से सेक्टर-65, 121 व ग्रेनो वेस्ट की तरफ जाने वाले वाहन फंस जाते हैं। सुबह-शाम व्यस्त समय में यहां पर जाम की स्थिति भी रहती है। जाम से निजात मिलने से नोएडा की बड़ी आबादी व ग्रेनो वेस्ट के साथ ही गाजियाबाद के उन निवासियों को भी राहत मिलेगी जो एलिवेटेड रोड से होकर रोजाना निकलते हैं।
सेक्टर-61 के सामने 81 लाख से दूर होगा जाम
सेक्टर-60 पुलिस चौकी के सामने की सर्विस रोड पर सुबह-शाम जाम की स्थिति रहती है। इस सर्विस रोड से सेक्टर-71 चौराहे की तरफ से आने वाले वाहन सेक्टर-60 अंडरपास के ऊपर से होते हुए बाएं मुड़कर नोएडा एलिवेटेड रोड के ऊपर या नीचे से होकर सेक्टर-53, 29, 24 और अन्य जगहों को जाने के लिए निकलते हैं। इस सर्विस रोड पर फेज-3 थाने के सामने से आने वाले वाहन जिन्हें सेक्टर-61 या अन्य जगहों पर जाना होता है वे उतरते हैं। इससे जाम लग जाता है। वहीं, सर्विस रोड से दाहिने मुड़कर मुख्य रोड पर वाहनों को जाना होता है। यह मोड़ घुमावदार नहीं है और संकरा भी है। यहां पर चौड़ा डिवाइडर और फुटपाथ है। प्राधिकरण यहां पर फेज-3 थाने के सामने से सेक्टर-121 की तरफ से आने वाले वाहनों को सर्विस रोड पर जाने का रास्ता अलग देगा। सेक्टर-71 की तरफ से जो वाहन आते हैं उनके लिए एलिवेटेड रोड पर चढ़ने के लिए अलग कॉरिडोर बनेंगे। करीब 81 लाख रुपये की लागत इस योजना पर खर्च होगी।
एलिवेटेड रोड पर लगेंगे डायरेक्शन बोर्ड
सेक्टर-18 से सेक्टर-60 तक निर्मित एलिवेटेड रोड पर डायरेक्शन के बोर्ड लगाए जाएंगे। नोएडा प्राधिकरण की ओर से इस बाबत 74.68 लाख का टेंडर निकाला गया है। एजेंसी चयन के बाद इसका काम शुरू होगा। इससे वाहन चालकों को सहूलियत होगी। एसपी सिंह, जीएम, नोएडा प्राधिकरण ने बताया कि शहर में ट्रैफिक को रफ्तार देने के लिए योजनाएं तैयार की हैं। जाम दूर करने वाली परियोजनाओं में एनकैप से मिलने वाली धनराशि का उपयोग करने का विकल्प है।