
Noida News (चेतना मंच)। उत्तर प्रदेश के नोएडा में दो महिलाएं बेहद ही शातिर दिमाग निकली। इन महिलाओं ने कैंसर की दवाई में प्रयोग होने वाले केमिकल का ऑर्डर देकर एक कारोबारी से लाखों रुपये ठग लिए हैं। कारोबारी ने नोएडा के थाना सेक्टर-39 में दोनों महिलाओं के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।
नोएडा के सेक्टर-100 लोट्स बुलेवर्ड समिति निवासी सुनील कुमार ने बताया कि वह प्रज्ञान एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन कंपनी का प्रोपराइटर है। उसकी कंपनी एक्सपोर्ट इंपोर्ट का कार्य करती है। बीते दिनों उसके पास कस्तूरी पांडुरंगन नामक महिला का ईमेल आया, जिसने खुद को यूनिवर्सल हेल्थ केयर फार्मास्यूटिकल्स कंपनी की एजेंट बताया। कस्तूरी पांडुरंगन ने ईमेल के माध्यम से उसे कैंसर की दवाई में प्रयोग होने वाले केमिकल तसूस कस्पिडता एक्स्ट्रा सॉल्यूशन जेडपी की सप्लाई करने का ऑफर दिया। महिला ने बताया कि वह शर्मा इंटरप्राइजेज से उक्त केमिकल खरीद कर उन्हें सप्लाई करें वह धनराशि कारोबारी के खाते में ट्रांसफर कर देंगे।
कस्तूरी पांडुरंगा की बातों में आकर सुनील कुमार ने शर्मा इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की एजेंट नीता भट्ट से केमिकल के बारे में संपर्क किया। नीता भट्ट ने बताया कि उसके पास अच्छी क्वालिटी का माल है और उसकी कीमत 165,000 रुपये प्रति लीटर है। उसने ढाई लीटर की कीमत पर 5 प्रतिशत की छूट देने की बात कही। जिसके बाद सुशील कुमार ने नीता की बात पर विश्वास करते हुए ढाई लीटर केमिकल के लिए 398,500 खाते में ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद जब उसने उक्त केमिकल की सप्लाई के लिए कस्तूरी पांडुरंगन से संपर्क करना चाहा तो उसने अपना फोन बंद कर लिया और ईमेल का भी कोई रिप्लाई नहीं दिया। संदेह होने पर उसने शर्मा इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की एजेंट नीति भट्ट से उक्त केमिकल का बिल देने को कहा तो उसने उनके साथ बदतमीजी की और झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर कस्तूरी पांडुरंगन और नीता भट्ट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।