
Noida News (चेतना मंच)। तनाव लोगों पर इस कदर हावी हो रहा है कि वह जिंदगी जीने के बजाय मौत को गले लगाना बेहतर समझ रहे हैं। जनपद गौतमबुद्धनगर के अलग-अलग स्थान पर MBA की छात्रा सहित तीन महिलाओं ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। तीनों के पास से ही कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में मानसिक तनाव को आत्महत्या का कारण बताया जा रहा है।
ग्रेटर नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र के चरणी विहार कॉलोनी में रहने वाले अजय पाल सिंह मंगलवार को घर से बाहर गए हुए थे। घर पर उनकी 22 वर्षीय बेटी कविता सिंह, पत्नी व माता-पिता थे। शाम के समय कविता सिंह ने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया और फांसी के फंदे पर झूल गई। कविता सिंह को फांसी पर लटका देखकर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा और उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी अमरेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है की कविता सिंह तोमर एमबीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी परिजन भी आत्महत्या की कोई ठोस वजह नहीं बता पा रहे हैं।
नोएडा के थाना फेस-2 क्षेत्र के रवि एंक्लेव में अपनी 9 वर्षीय बेटी के साथ रहने वाली महिला ने अपने कमरे में फांसी लगा ली। मंगलवार को मकान मालिक किराया लेने कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। मकान मालिक ने कई बार दरवाजा खटखटाया इसके बावजूद भी दरवाजा नहीं खुलने पर उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोडक़र फंदे पर लटकी महिला को नीचे उतरा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका की पहचान 35 वर्षीय संजू पत्नी हरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। मूल रूप से मऊ की रहने वाली संजू का अपने पति से विवाद चल रहा था। इस कारण वह रवि एंक्लेव में अपनी (9 वर्षीय) बेटी के साथ रह रही थी। संजू ने अपने बेटे को मायके में छोड़ रखा था। आत्महत्या करने से एक दिन पूर्व उसने अपनी बेटी को अपनी जेठानी के यहां भेज दिया था। थाना प्रभारी के मुताबिक पारिवारिक कलह की वजह से संजू ने आत्महत्या की है। मृतका के परिजन सूचना के बाद नोएडा आ गए हैं परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।
वहीं थाना दादरी क्षेत्र के शाहपुर खुर्द गांव निवासी सोनू की पत्नी पिंकी ने अपने घर में फांसी लगा ली। परिजन उसे फंदे से उतारकर दादरी सीएससी लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों से मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी के मुताबिक पिंकी मानसिक रूप से बीमार थी और उसका उपचार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
नोएडा के थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सेक्टर-75 की गोल्फ सिटी सोसाइटी में रहने वाली एक महिला की संदिग्ध मौत हो गई। मौत का कारण जानने के लिए पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा रही है। सेक्टर-75 स्थित गोल्फ सिटी सोसाइटी में सुमन कुमार अपने परिवार सहित रह रहे हैं। वह अपनी 42 वर्षीय पत्नी मीना कुमारी को गंभीर स्थिति में कैलाश अस्पताल लेकर पहुंचे। परीक्षण के उपरांत चिकित्सकों में मीना कुमारी को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से जानकारी मिलने पर थाना सेक्टर-113 पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। मृतका के मायके वालों को सूचना दे दी गई है। मीना कुमारी के भाई अमेरिका में रहते हैं। इस संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।