
Noida News/ ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। शादी समारोह में बैंड बजाकर लौट रहे तीन लोगों को पता भी नहीं था कि यह उनके लिए अंतिम रात होगी। थाना बिसरख क्षेत्र के तिगरी बॉर्डर पर बीती रात अज्ञात वाहन ने 3 लोगों को मौत की नींद सुला दिया। मृतक देर रात किसी शादी समारोह में सम्मिलित होकर वापस पैदल अपने घर लौट रहे थे। तीनों बैंड बजाते हैं।
थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि बीती रात्रि करीब 2 बजे पुलिस को तिगरी बॉर्डर पर एक सडक़ हादसे की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला, जबकि दो की हालत गंभीर थी। पुलिस ने दोनों घायलों को तिगरी के शरबती अस्पताल में भर्ती कराया। मौके पर मरे युवक की शिनाख्त सीटू उर्फ भोला पुत्र श्रीराम निवासी विजयनगर गाजियाबाद के रूप में हुई। इस हादसे में घायल जैनुद्दीन पुत्र बशारत खान मूलनिवासी मैनपुरी हाल पता गाजियाबाद तथा भुवनेश पुत्र धर्मपाल निवासी बरेली हाल पता विजयनगर ने भी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तीनों विवाह समारोह में बैंड बजाने का काम करते थे। बीती रात्रि में किसी विवाह समारोह में बैंड बजाकर वापस अपने घर लौट रहे थे। तिगरी बॉर्डर के पास अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे इन तीनों युवकों को कुचल दिया। उन्होंने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है।