
Noida News (चेतना मंच)। राह चलते लोगों व महिलाओं से मोबाइल तथा सोने की चेन लूटने वाले दो लुटेरों को थाना सेक्टर 49 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से लुटे हुए 15 मोबाइल फोन व एक चेन बरामद हुई है। पकड़े गए आरोपी हाई स्पीड केटीएम ड्यूक बाइक से लूट की वारदातों को अंजाम देते थे।
एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने मुखबिर की सूचना के आधार पर सेक्टर 50 स्थित निर्माणाधीन मेदांता अस्पताल के पास से राहुल भाटी पुत्र ओम भाटी व साहिल पुत्र नजीर को गिरफ्तार किया। इनके पास से दो तमंचे, कारतूस, लूटे हुए 15 मोबाइल फोन, लूटी गई चेन व दो चेन के टुकड़े बरामद हुए। इनके पास से लूट की घटनाओं में प्रयुक्त बजाज केटीएम ड्यूक बाइक भी बरामद हुई।
एडीसीपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वह हाई स्पीड बाइक पर सवार होकर राह चलते लोगों व महिलाओं से मोबाइल फोन तथा चेन लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। बुधवार को भी वह लूट की वारदात को अंजाम देने के इरादे से सेक्टर 50 पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए बाइकों को बदल बदल कर लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। पकड़े गए राहुल भाटी पर जनपद गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में लूट आदि के 13 तथा साहिल पर आठ मुकदमे दर्ज है।
ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने विद्युत ट्रांसफार्मर से कॉपर के तार व केबल चोरी करने वाले दो चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी किया गया कॉपर का तार व केबल बरामद हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि गत 12 अगस्त को एक व्यक्ति ने मुकदमा दर्ज कराया कि सेक्टर 150 में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर से कॉपर के तार व केबल चोरी कर ली गई है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच पड़ताल शुरू की। जांच पड़ताल के दौरान पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि चोरी करने वाले आरोपी शहीद भगत सिंह पार्क के पास किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से खड़े हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापा मार कर संदीप व कुक्कू को दबोच लिया। इनके पास से सेक्टर 150 के ट्रांसफार्मर से चोरी किया गया कॉपर का तार व बिजली की केबल बरामद हुई हैं। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर इन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। Noida News in hindi